Advertisement

पूर्व मध्य रेल द्वारा चलाया जा रहा है ऑपरेशन समय पालन

अवध किशोर शर्मा/सोनपुर (सारण)। पूर्व मध्य रेलवे द्वारा बिना पर्याप्त कारण अवैध रूप से चेन पुलिंग कर रेल गाड़ियों को जहां-तहां रोकने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाती रही है।

इसी क्रम में पूर्व मध्य रेल के सुरक्षा बलों द्वारा ऑपरेशन समय पालन के तहत् विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान में पिछले छह दिनों के भीतर 161 लोगों को हिरासत में लिया गया है। ऐसे लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि ट्रेनें अनावश्यक रूप से विलंब ना हो।

पूर्व मध्य रेल मुख्य हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने 23 मार्च को उपरोक्त जानकारी दी। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष अभियान में पिछले 6 दिनों में रेलवे सुरक्षा बल की टीम द्वारा पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेल खंडों में बिना उचित कारण के चेन पुलिंग करने के आरोप में 161 लोगों को हिरासत में लिया गया। इन लोगों के विरूद्ध रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि ऑपरेशन समय पालन के तहत् इन 6 दिनों में सर्वाधिक 89 लोग दानापुर रेल मंडल में पकड़े गये, जबकि समस्तीपुर मंडल में 31, सोनपुर मंडल में 21, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 16 तथा धनबाद मंडल में 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

विदित हो कि, गाड़ियों को बिना ठहराव एसीपी (चेन पुलिंग) कर रोकने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लंबी दूरी वाली गाड़ियों में सफर करने वाले यात्री एसीपी के कारण और ज्यादा परेशान हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर पूर्व मध्य रेल द्वारा यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *