प्रहरी संवाददाता/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में अनपति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर फुसरो में 11 अप्रैल को विद्या भारती द्वारा अंगीकृत पांच आधारभूत विषयों पर आधारित एक दिवसीय संकुल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ कस्तूरबा विद्यालय की प्रधानाचार्या रूमी सरकार, स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार सिंह, उपाध्यक्ष रामनरेश द्विवेदी, कोषाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, विद्यालय के सचिव अमित कुमार सिंह, सह सचिव जवाहर लाल यादव, मकोली विद्यालय के अध्यक्ष अखिलेश सिंह, कस्तूरबा संकुल के संयोजक सह सचिव धीरज कुमार पांडेय, ढोरी विद्यालय के सचिव सुमित बंसल द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलन, दीप मंत्र एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया।
जानकारी के अनुसार कार्यशाला का प्रथम सत्र संकुल संयोजक धीरज कुमार पांडेय द्वारा लिया गया। उन्होंने सत्र के दौरान विद्या भारती के पांचों आधारभूत विषयो शारीरिक, योग, संगीत, संस्कृत और नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय के सचिव ने उपरोक्त पांचों विषयों के व्यावहारिक क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। प्रधानाचार्य सुधीर कुमार सिंह ने संकुल कार्यालय के साथ विशेष सत्र लिया, जिसमें उन्होंने आगामी सत्र हेतु नामांकन प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही साथ ईपीएफओ, ईएसआईसी आदि विषयों का विस्तार से वर्णन किया।
कार्यशाला में इसके उपरांत सभी विषयों के संकुल प्रमुखों के अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। इसी क्रम में रूमी सरकार ने भी अपना सत्र लेकर मार्गदर्शन प्रदान किया। विद्यालय के सचिव अमित कुमार सिंह ने आधुनिक समय में डिजिटल दुनिया की उपयोगिता और महत्व के बारे में जानकारी दी। कार्यशाला की सफलता में विद्यालय के आचार्य साधन चंद्र धर, सुरेश साव, नवल किशोर सिंह सहित सभी आचार्यों, दीदीजी और कर्मचारी बंधु-भगिनियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई थी।
![]()













Leave a Reply