Advertisement

नवनामांकित एएनएम छात्राओं ने ली सेवा की शपथ, अस्पताल में सीखेंगी इलाज के गुर

ग्रामीण स्वास्थ्य की रीढ़ हैं एएनएम, छात्राओं ने लिया नि:स्वार्थ सेवा का संकल्प

अ​वध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। मानवता की सेवा और समर्पण के संकल्प के साथ सारण जिला के हद में सोनपुर नगर परिषद स्थित एएनएम प्रशिक्षण संस्थान की 48 नव-नामांकित छात्राओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण शुरू होने जा रहा है। इसे लेकर बीते 17 अप्रैल को संस्थान परिसर में आयोजित एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह में छात्राओं ने दीप प्रज्वलित कर समाज की नि:स्वार्थ सेवा की शपथ ली।

​कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही संस्थान की प्राचार्या नूतन कुमारी के साथ मुख्य अतिथि के रूप में सारण के सिविल सर्जन डॉ राज कुमार चौधरी, अनुमंडलीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ पूनम कुमारी और भाजपा नेता लालबाबू कुशवाहा शामिल हुए।

छात्राओं को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ चौधरी ने कहा कि एएनएम ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में इनकी भूमिका सर्वोपरि है। अनुमंडलीय चिकित्सा पदाधिकारी ने छात्राओं से संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ कार्य करने का आह्वान किया। वहीं, अतिथि भाजपा नेता कुशवाहा ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती भागीदारी समाज के लिए एक नई दिशा है।

जानकारी देते हुए 18 अप्रैल को प्राचार्या नूतन कुमारी ने बताया कि इस औपचारिक शपथ ग्रहण के बाद अब सभी 48 छात्राओं का सदर अस्पताल व अन्य केंद्रों पर क्लिनिकल प्रशिक्षण प्रारंभ होगा। कहा कि इस दौरान छात्राएं ​प्रसव (डिलीवरी) प्रबंधन,​ टीकाकरण अभियान,​ मातृ-शिशु देखभाल, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएँ ​जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करेंगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्थान के शिक्षकों और कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *