Advertisement

आस्था के पथ से शिखर तक: सम्राट चौधरी के विजन में नव्य सोनपुर का होगा उदय

अ​वध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का सारण जिला के हद में सोनपुर और बाबा हरिहरनाथ मंदिर से गहरा आध्यात्मिक और राजनीतिक जुड़ाव रहा है। पद और दायित्व बदलने के बावजूद सोनपुर के सर्वांगीण विकास के प्रति उनकी प्राथमिकताएं अडिग रही है। बाबा हरिहरनाथ के अनन्य भक्त सीएम चौधरी ने हर बड़े अवसर पर यहां मत्था टेककर ही अपने कार्यों की शुरुआत की है।

ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उप मुख्यमंत्री ​के रूप में कई मौकों पर, विशेषकर बीते वर्ष 31 अक्टूबर की चुनावी सभा और नवंबर 2024 के सोनपुर मेला उद्घाटन के दौरान स्पष्ट कहा है कि हरिहरनाथ मंदिर को वाराणसी के काशी विश्वनाथ मॉडल पर एक भव्य कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। उनका संकल्प है कि इस धार्मिक स्थल को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट स्थान मिले।

सोनपुर को गोद लेने का संकल्प और मेगा प्रोजेक्ट्स

उप मुख्यमंत्री के तौर पर चौधरी ने सोनपुर के सर्वांगीण विकास के लिए इसे व्यक्तिगत रूप से गोद लेने की घोषणा की थी। उनके विजन के मुख्य बिंदुओं में ​नया मरीन ड्राइव और वॉटरफ्रंट निर्माण है। यहां गंगा किनारे भव्य मरीन ड्राइव का निर्माण किया जाएगा, जो पर्यटन और शहर की सुंदरता को नई ऊंचाई देगा। सोनपुर के समीप 10 हजार एकड़ में एक भव्य आधुनिक शहर बसाने की योजना है। इसमें फोरलेन सड़कें, स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग और आधुनिक परिवहन व्यवस्था शामिल होगी।

​ क्षेत्र की कनेक्टिविटी को वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण की संभावनाओं को भी गंभीरता से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र में ​आर्थिक विकास को लेकर कहा था कि रिवर व्यू बाजार, इको- टूरिज्म पार्क और विशेष विकास पैकेज के माध्यम से स्थानीय स्तर पर निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।

​गौरतलब है कि बीते वर्ष 25 नवंबर को गृह मंत्री का पदभार संभालने से ठीक पहले सम्राट चौधरी ने बाबा हरिहरनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की थी। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि सोनपुर के विकास का ब्लू प्रिंट तैयार है और आगामी पांच वर्षों में यह क्षेत्र बिहार के सबसे विकसित शहरी केंद्रों में से एक होगा।
​विजय कुमार सिन्हा सहित कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सीएम चौधरी ने बार-बार दोहराया था तथा कहा था कि बिहार की राजधानी पटना के निकट होने के कारण सोनपुर में विस्तार की अपार संभावनाएं हैं, जिसे एनडीए सरकार धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *