जनता की हर शिकायत पर होगी त्वरित कार्रवाई-एसपी
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला को नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) मिल गया है। नाथू सिंह मीणा ने 18 अप्रैल को बोकारो के 42वें एसपी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। उन्हें निवर्तमान एसपी हरविंदर सिंह ने पदभार सौंपा।
बोकारो जिला का पदभार संभालते ही एसपी मीणा ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना होगा। पदभार ग्रहण करने के बाद मीणा ने कहा कि जिले में लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाएगा और हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि आम जनों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखें और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाएं।

उन्होंने कहा कि बोकारो जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि पुलिस की छवि को बेहतर बनाने के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एसपी ने कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना उनकी प्राथमिकता होगी, ताकि फरियादी बिना डर के अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रख सके। मीणा के पदभार ग्रहण के मौके पर जिले के कई पुलिस अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। नए एसपी के आने से जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग में और मजबूती आने की उम्मीद जताई जा रही है।
![]()













Leave a Reply