सांसद, विधायक व् प्रशासनिक अधिकारी करेंगे विकास कार्यों पर मंथन
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिले के सर्वांगीण विकास और जन-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को गति देने के उद्देश्य से आगामी 7 अप्रैल को दिशा (जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है।
सारण जिला मुख्यालय छपरा स्थूल समाहरणालय सभागार में होने वाली इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता सारण सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी करेंगे, जबकि महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल सह-अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहेंगे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने 5 अप्रैल को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि दिशा समिति की यह बैठक विकास की दिशा में एक निर्णायक कदम है। कहा कि हमारा लक्ष्य योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करना और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी लाभ पहुँचाना है।
उन्होंने बताया कि योजनाओं की व्यापकता को देखते हुए बैठक को दो सत्रों में बांटा गया है। प्रथम सत्र पूर्वांह 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक आयोजित है, जिसमें केंद्र प्रायोजित योजनाओं की गहन समीक्षा होगी। जबकि द्वितीय सत्र अपराह्न 2:30 बजे से संध्या 7 बजे तक निर्धारित है जिसमें राज्य सरकार की योजनाओं और प्रखंड स्तरीय कार्यों पर चर्चा होगी।
बैठक में सोनपुर के विधायक विनय कुमार सिंह सहित जिले के सभी विधायक, विधान पार्षद, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार समेत सभी विभागों के वरीय अधिकारी, बीडीओ और सीओ शामिल होंगे।
बैठक में जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बिजली और सड़क जैसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर विस्तृत चर्चा और समीक्षा की जाएगी।
बैठक में सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह, छपरा विधायक छोटी कुमारी, मढ़ौरा विधायक जितेंद्र राय और अमनौर विधायक मंटू सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास प्रस्तावों को साझा करेंगे। पिछली बैठकों के अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा के साथ-साथ नई योजनाओं की बाधाओं को दूर करने के लिए मौके पर ही निर्देश जारी किए जाएंगे। मीडिया क्लब सोनपुर के प्रभारी राजीव कुमार मुनमुन ने बताया कि समीक्षा बैठक सोनपुर सहित पूरे जिले के विकास के लिए बहु उपयोगी सिद्ध होगा।
![]()













Leave a Reply