अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध अभियान अब और तेज हो गया है। मंडल रेल प्रबंधक के मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे मेगा टिकट चेकिंग ड्राइव ने अनधिकृत यात्रा करने वालों के बीच खलबली मचा दी है।
बताया जाता है कि बीते 13 अप्रैल को चलाए गए इस व्यापक अभियान में रेलवे ने रिकॉर्ड सफलता हासिल की है।
सोनपुर के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार के निर्देशन में रेल मंडल की विभिन्न टीमों ने तालमेल बिठाकर स्टेशनों और ट्रेनों में सघन जांच की। इस कार्रवाई में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करते 3,197 यात्री पकड़े गए। पकड़े गए मामले में ₹21,55, 169/- का जुर्माना वसूला गया। कहा गया कि अवैध यात्रा पर रोक और उचित टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता पैदा करना ही इसका उद्देश्य है।
मेगा ड्राइव में बरौनी के टीटीआई अजीत कुमार ने पेश की मिसाल
इस मेगा ड्राइव के दौरान व्यक्तिगत प्रदर्शन में सोनपुर रेल मंडल के हद में बरौनी के टीटीआई अजीत कुमार ने बाजी मारी। उन्होंने अपने कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा दिखाते हुए अकेले 103 मामलों को पकड़ा, जिससे रेल राजस्व के रूप में ₹75,250 का जुर्माना अर्जित किया जा सका। उनके इस उत्कृष्ट कार्य की मंडल स्तर पर सराहना की जा रही है। सोनपुर रेल मंडल प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं है। आने वाले दिनों में भी विभिन्न रेल खंडों और स्टेशनों पर यह सघन टिकट जांच नियमित रूप से जारी रहेगी।
रेलवे की अपील
रेल महकमा ने आम यात्रियों से अपील किया है कि यात्रा के दौरान हमेशा उचित रेल टिकट साथ रखें। बिना टिकट यात्रा करना न केवल दंडनीय अपराध है, बल्कि यह रेल सेवाओं के विकास में भी बाधक है। कहा गया है कि रेलवे का लक्ष्य है कि हर यात्री सम्मान के साथ वैध टिकट पर ही सफर करे।
सोनपुर रेल मंडल की इस कड़ाई से जहां एक ओर रेल राजस्व में वृद्धि हो रही है, वहीं दूसरी ओर उचित टिकट लेकर चलने वाले यात्रियों को भी बेहतर वातावरण मिलने की उम्मीद है।
![]()













Leave a Reply