अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में रेलवे स्टेडियम सोनपुर में आयोजित अन्तर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में 6 अप्रैल को मैकेनिकल विभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इलेक्ट्रिकल विभाग को पराजित कर सेमीफाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर ली। घातक गेंदबाजी के लिए मैकेनिकल के सुनील को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।
जानकारी के अनुसार मैकेनिकल की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। इलेक्ट्रिकल की टीम मैकेनिकल के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 18.3 ओवरों में मात्र 89 रनों पर सिमट गई। इलेक्ट्रिकल की ओर से सर्वाधिक 32 रन बने, जबकि संतोष प्रकाश सिंह ने 20 रनों का योगदान दिया।
मैकेनिकल के गेंदबाजों ने बेहद सटीक लाइन-लेंथ से गेंदबाजी की। सुनील ने घातक स्पैल डालते हुए मात्र 16 रन देकर 3 विकेट झटके। मृत्युंजय ने भी धारदार गेंदबाजी करते हुए 20 रन देकर 3 महत्वपूर्ण सफलता हासिल की, जबकि अनुपम ने 2 विकेट चटकाए।
बताया जाता है कि 90 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैकेनिकल की टीम ने सधी हुई शुरुआत की और 18.2 ओवरों में 4 विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में आनंद की 37 रनों की जुझारू पारी और अनुपम के 16 रनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इलेक्ट्रिकल विभाग के लिए इस टूर्नामेंट में यह पहली हार है। इस जीत के साथ ही मैकेनिकल की टीम ने आत्मविश्वास के साथ सेमीफाइनल में कदम रख दिया है। खेल के अंत में मुख्य अतिथियों द्वारा मैन ऑफ द मैच सुनील को उनकी उत्कृष्ट गेंदबाजी के लिए पुरस्कृत किया गया।
![]()













Leave a Reply