एस. पी. सक्सेना/बोकारो। अवैध बालू उत्खनन के कारण घटते दामोदर नदी जलस्तर को लेकर बोकारो जिला के हद में कथारा पंचायत के असनापानी रहिवासी जल सहिया गुलिस्ता कमाल द्वारा बीते 31 मार्च को वीडिओ जारी कर चिंता व्यक्त किया गया था। जल सहिया द्वारा इसके लिए दामोदर नदी से बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन बताया गया था। इसके बाद जिले के खनन विभाग की तंद्रा टूटी और टीम द्वारा एक अप्रैल को असनापानी इंटेक बेल के समीप छापामारी की।
जानकारी के अनुसार बोकारो जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खनन विभाग द्वारा एक अप्रैल को अवैध खनन के विरुद्ध व्यापक छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला के हद में पेटरवार थाना क्षेत्र के ओबरा के समीप अवैध रूप से स्टोन चिप्स खनिज का परिवहन करते एक ट्रैक्टर एवं एक मिनी हाईवा को पकड़ा गया। दोनों वाहनों को विधिवत जब्त कर पेटरवार थाना के सुपुर्द कर दिया गया।

इसी क्रम में कथारा ओपी क्षेत्र के इंटेक वेल असनापनी के समीप दामोदर नदी क्षेत्र में छापामारी की गई, जहां अवैध रूप से बालू खनिज का उत्खनन एवं लोडिंग करते हुए एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया। वाहन को जब्त कर कथारा ओपी को सुपुर्द करते हुए संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बताया जाता है कि पेटरवार थाना क्षेत्र के दामोदर नदी खेतको के समीप अवैध बालू उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त ट्रैक्टर के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस अभियान में खान निरीक्षक सीताराम टुडू, खान निरीक्षक अजय कुमार महतो, कथारा ओपी प्रभारी एवं पुलिस बल की सक्रिय भागीदारी रही।
![]()













Leave a Reply