अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के गंगा – गंडक संगम के गांव सबलपुर के बभन टोली में 19 अप्रैल को अक्षय तृतीय एवं भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई।
इस पावन अवसर पर स्थानीय श्रद्धालुओं और प्रबुद्धजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना और भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा दक्षिणी मंडल महामंत्री अविनाश कुमार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य उपस्थित रहे, जिनमें अमरेंद्र शर्मा, राधे भाई, वीरेन्द्र शर्मा, नवीन शर्मा, महेश शर्मा, राकेश शर्मा, विष्णुकांत शर्मा, कुंदन शर्मा, युवराज शर्मा, शांटू शर्मा आदि शामिल थे।
अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक हैं भगवान परशुराम- अविनाश
परशुराम जयंती पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा नेता अविनाश कुमार ने कहा कि भगवान परशुराम शस्त्र और शास्त्र के अद्भुत संगम थे। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम केवल एक पराक्रमी योद्धा ही नहीं, बल्कि सत्य, धर्म और न्याय के जीवंत प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें सिखाता है कि अत्याचार के विरुद्ध खड़ा होना ही सबसे बड़ा धर्म है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भगवान परशुराम के साहस और अनुशासन को अपने जीवन में उतारें, ताकि एक नैतिक और न्याय प्रिय समाज का निर्माण हो सके। सामाजिक एकता और जागरूकता पर जोर देते हुए उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किया तथा कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
वक्ताओं के अनुसार जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और सामाजिक जागरूकता का माध्यम है। कार्यक्रम के समापन पर भव्य सामूहिक आरती का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता का एक अनुपम उदाहरण बनकर उभरा।
![]()













Leave a Reply