प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। पत्रकार यूनियन ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन बोकारो जिला कमिटी की एक महत्वपूर्ण बैठक 3 अप्रैल को जिला के हद में तेनुघाट प्रेस क्लब में आयोजित की गई।
जानकारी के अनुसार आयोजित बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में एसोसिएशन के प्रमंडल प्रभारी राजेश कुमार सिंह उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिन्हा ने की।
बैठक में आगामी एक मई (मजदूर दिवस) के अवसर पर झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित एसोसिएशन के कार्यक्रम में शामिल होने का निर्णय लिया गया। साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। इस दौरान एसोसिएशन की ओर से पत्रकार सुरक्षा से संबंधित 6 सूत्री मांगों को झारखंड सरकार से अविलंब पूरा करने की मांग की गई।
बैठक में बीते दिनों क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार नागेश्वर कुमार एवं राजेंद्र महतो के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मौके पर प्रमंडल प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
कहा कि लगातार हो रही घटनाएं चिंता का विषय है। ऐसे में सरकार को शीघ्र ठोस कदम उठाने चाहिए। एसोसिएशन के कानूनी सलाहकार सुभाष कटरियार ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून और प्रभावी व्यवस्था जरूरी है। यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होती है, तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।
एसोसिएशन के बोकारो जिलाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिन्हा ने इस अवसर पर कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कहा कि सभी साथियों को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करना होगा, तभी हम अपनी मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचा सकेंगे।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एकजुटता का परिचय देते हुए संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। उपस्थित पत्रकारों में एसोसिएशन के धनबाद जिलाध्यक्ष राहुल कुमार सहित बीरेंद्र प्रसाद, शैलेश चन्द्र श्रीवास्तव (ददन), नरेश प्रसाद श्रीवास्तव, रतन कुमार सिन्हा, बॉबी राज, राज कुमार स्वर्णकार व् अन्य पत्रकार उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply