Advertisement

घाटशिला में मतदान कार्यों का सुगम संचालन के लिए संयुक्त ब्रीफिंग

प्रहरी संवाददाता/जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)। झारखंड के घाटशीला में 11 नवंबर को होनेवाले मतदान को लेकर 10 नवंबर को सामान्य प्रेक्षक की उपस्थिति में सेक्टर पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की ब्रीफिंग की गई। संबंधित को 11 नवंबर को मतदान के सुगम संचालन एवं शांतिपूर्ण व्यवस्था हेतु निर्देशित किया गया।

झारम की राजधानी में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि 11 नवंबर को होने वाले घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बताया कि 10 नवंबर को पोलिंग पार्टियों को आवश्यक सामग्री के साथ उनके संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया। कहा कि शाम तक सभी टीमें अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर रिपोर्ट करेंगी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत हर मतदान केंद्र पर सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है।

मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सभी केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग वेबकास्टिंग के माध्यम से की जा रही है, जिसकी निगरानी निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन पदाधिकारी और आरओ कार्यालय से की जा रही है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाता सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मित्रों, परिवार और पड़ोसियों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें, ताकि मतदान प्रतिशत में वृद्धि संभव हो। कहा कि मतदान का प्रतिशत में वृद्धि देश में लोकतान्त्रिक व्यवस्था को और मजबूत करेगा।

इस अवसर पर उन्होंने मुख्यालय स्थित वेबकास्टिंग सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता व् अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। ज्ञात हो कि घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बताया जाता है कि 10 नवंबर को को-ऑपरेटिव कॉलेज स्थित डिस्पैच सेंटर से मतदान दलों को आवश्यक सामग्री के साथ उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। मतदान दल के रवाना होने से पहले जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने डिस्पैच स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान द्वय अधिकारियों ने मतदान कर्मियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट और सुरक्षा बलों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी दल समय पर अपने केंद्रों पर पहुंचें। साथ ही निर्वाचन आयोग के नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया। अधिकारियों ने मतदान सामग्री के वितरण, वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा इंतजाम की भी जांच की।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सत्यार्थी ने कहा कि घाटशिला उपचुनाव में प्रशासन निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी इंतजाम पूरे हैं। उन्होंने कहा कि हर मतदाता बिना किसी दबाव या भय के मतदान कर सके, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने बताया कि जिले के संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है। असामाजिक तत्व को माहौल बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। कहा कि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार फील्ड में एक्टिव हैं। दोनों विभागों का लक्ष्य है कि 11 नवंबर को घाटशिला में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष पूरी हो। जिला प्रशासन ने दोहराया कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मर्यादा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *