Advertisement

झारखंड इंटर आर्ट्स स्टेट टॉपर छोटी को उच्च शिक्षा के लिए ₹10 हजार का सहयोग

ग्राम स्वराज अभियान की पहल, बीसीसीएल बोरारा जीएम ने किया सम्मानित

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड इंटर आर्ट्स की स्टेट टॉपर छोटी कुमारी को उच्च शिक्षा के लिए ग्राम स्वराज अभियान की ओर से ₹10 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह सहयोग धनबाद जिला के हद में बाघमारा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना था।

बताया जाता है कि इस नेक पहल का नेतृत्व ग्राम स्वराज अभियान के प्रमुख जगत महतो ने किया। आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने में झारखंड लोकतान्त्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) नेता अनिल महतो, केंद्रीय महामंत्री सुकदेव राम तथा मिथलेश जेक्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) बोरारा एरिया वन के महाप्रबंधक (जीएम) के.के. सिंह ने सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए संगठन प्रमुख, केंद्रीय महामंत्री को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सुरेश रजक, शंकर महतो, प्रेम कुमार, रमेश महतो, विक्की साव, विकास महतो, दिनेश महतो, जेएलकेएम केंद्रीय सचिव राजू महतो, युवा मोर्चा के केंद्रीय महासचिव हेमंत साव सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।
मौके पर संगठन प्रमुख जगत महतो ने कहा कि छोटी ने पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है। हमारी कोशिश है कि आर्थिक तंगी किसी भी मेधावी छात्र-छात्रा की शिक्षा में बाधा न बने। कहा कि ग्राम स्वराज अभियान आगे भी ऐसे विद्यार्थियों की हरसंभव मदद करता रहेगा।

केंद्रीय महामंत्री सुकदेव राम ने कहा कि यह ₹10 हजार की सहायता केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि छोटी के उज्ज्वल भविष्य के प्रति समाज का विश्वास और सम्मान है। हमें उम्मीद है कि वह आगे भी नई ऊंचाइयों को हासिल करेगी। अनिल महतो ने कहा कि प्रतिभा को सही समय पर सहयोग मिलना बहुत जरूरी है। ग्राम स्वराज अभियान भविष्य में भी शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में इसी तरह सकारात्मक पहल करता रहेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *