Advertisement

बक्सर वसाव मठ के जगद्गुरु अच्युत प्रपन्नाचार्य ने की बाबा हरिहरनाथ की पूजा

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बक्सर वसाव मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी अच्युत प्रपन्नाचार्य महाराज ने 7 जून को सारण जिला के हद में सोनपुर के विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और समाज के साथ लोक-कल्याण की कामना की।

​जगद्गुरु के मंदिर आगमन पर प्रबंधन और पुजारियों द्वारा उनका अभूतपूर्व स्वागत किया गया। आतिथ्य सत्कार की परंपरा को निभाते हुए स्वामीजी का पाद प्रक्षालन किया गया। इसके बाद उन्हें पुष्पमाला पहनाकर और आरती उतारकर अगवानी की गई। सम्मान स्वरूप उन्हें अंगवस्त्र और भगवान हरिहरनाथ का पावन प्रतीक चिह्न भेंट किया गया।

जानकारी के अनुसार विश्व प्रसिद्ध हरिहरनाथ ​मंदिर के मुख्य अर्चक आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री और मुख्य पुजारी पवन शास्त्री के नेतृत्व में सदानंद पांडेय व अन्य पुजारीगणों ने पूरे विधि-विधान और निष्ठा के साथ जगद्गुरु का दर्शन-पूजन संपन्न कराया। ​मंदिर परिसर की उत्कृष्ट व्यवस्था, सुगम संचालन और अनुशासन से जगद्गुरु स्वामी अच्युत प्रपन्नाचार्य बेहद प्रसन्न दिखे। उन्होंने मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष प्रमोद मुकेश और सचिव विजय कुमार सिंह को फोन कर विशेष रूप से साधुवाद दिया।

₹680 करोड़ से संवरने जा रहा है बाबा का दरबार

ज्ञात हो कि ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व के इस मंदिर परिसर के कायाकल्प के लिए ₹680 करोड़ की भारी-भरकम लागत से भव्य हरिहरनाथ कॉरिडोर परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे आने वाले समय में श्रद्धालुओं को यहां विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलने की संभावना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *