गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिले में बाइक सवार अपराधियों द्वारा इन दिनों जिले के कई क्षेत्रों में लूट की घटनाओं को अंजाम दिए जाने का प्रतिदिन समाचार प्राप्त हो रहा है।
जानकारी के अनुसार 18 नवंबर को जिला के हद में महनार थाना क्षेत्र के महमदपुर योगी बाबा स्थान के समीप पुल पर देर शाम बाइक सवार दंपति से लूटपाट की बड़ी वारदात सामने आई है। अपाची बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने दंपति को रोककर पति की कनपट्टी पर पिस्टल सटा दी और जेवरात, नगदी समेत दो मोबाइल फोन छीन लिए। विरोध करने पर अपराधियों ने पति के साथ मारपीट भी की।
लूट को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी महमदपुर की ओर फरार हो गए। पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित दंपति की पहचान चकौसन रहिवासी नरेश सहनी के पुत्र रत्नेश सहनी और उसकी पत्नी के रूप में की गई है, जो अपने ससुराल पातेपुर किशुनबाड़ा से महनार स्थित अपने घर लौट रहे थे।
दूसरी घटना जिला के हद में बेलसर थाना क्षेत्र के साइन गांव स्थित पेट्रोल पंप पर बीते 16 नवंबर की बतायी जा रही है। जहां पल्सर बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने बेखौफ होकर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। बताया जाता है कि बाइक सवार बदमाशों ने नोजल मैन की कनपटी पर पिस्टल सटाकर 50 हजार रुपये से अधिक की राशि लूट ली। घटना तीन बजे के आसपास घटी। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन युवक पल्सर बाइक पर सवार होकर पंप पर पहुंचे। सभी अपराधियों ने मास्क पहन रखा था। बाइक रुकते ही तीनों अपराधियों में से दो युवकों ने नोजल मैन पर पिस्टल तान दी। अचानक हुए इस वारदात से पंप कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। पीड़ित नोजल मैन पवन शाही ने 18 नवंबर को बताया कि अपराधियों ने नजदीक से ही कनपटी पर पिस्टल सटा दिया और नकदी वाला बैग हवाले करने की धमकी दी।
मजबूरन उन्होंने बैग अपराधियों के हवाले कर दिया। इसी बीच, दूसरे नोजल मैन विभेष कुमार को भी अपराधियों ने इसी तरह हथियार के बल पर दबोच लिया और उसके पास मौजूद राशि भी लूट ली। लुट की घटना को अंजाम देने के बाद तीनों लुटेरे साइन बाजार की ओर फरार हो गये। बताया गया कि अपराधियों ने भागते समय पंप परिसर में दहशत फैलाने के उद्देश्य से जमीन पर एक फायर भी किया। गोली की आवाज सुनते ही पंप के आसपास अफरातफरी मच गयी। अपराधी पल्सर बाइक पर सवार होकर साइन बाजार की ओर फरार हो गए।
ध्यान देने योग्य है कि अमूनन इस तरह की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचती है और पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर देती है। पुलिस ने आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालती है और अपराधी की खोज में लग जाती है, लेकिन अपराधी फरार हो जाता है। पुलिस प्रशासन सड़कों पर बाइक सवार की तलाशी लेती नजर आएगी फिर एक दो दिन बाद पुलिस गश्ती सड़क पर दिखाई नहीं देगी।
![]()













Leave a Reply