Advertisement

बेरमो में पेट्रोल पंपों पर तेल डलवाकर गाड़ी भगाकर ले जाने की घटना मे वृद्धि

दामोदर फ्यूल सर्विस स्टेशन पर पेट्रोल चोरों का आतंक: नोजलमैन को लगाया चूना

एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो के पेट्रोल पंप पर वाहन चालकों द्वारा तेल डलवाकर बिना भुगतान के भागने की घटना में लगातार वृद्धि हो रही है।

बताया जाता है कि 15 अप्रैल को बेरमो प्रखंड के हद में जारंगडीह​ रेलवे स्टेशन के समीप मेन रोड स्थित दामोदर फ्यूल सर्विस स्टेशन इन दिनों पेट्रोल चोरी करने वाले दो शातिर लड़कों के निशाने पर है। हालिया घटना में वाहन क्रमांक JH09BM-9695 पर सवार दो युवकों द्वारा पेट्रोल भरवाकर भागने का मामला सामने आया है। रिकॉर्ड के अनुसार, उक्त वाहन लक्ष्मी देवी के नाम पर पंजीकृत है, जिसकी श्रेणी हीरो स्प्लेंडर+ (ब्लैक एंड एक्सेट) है। इसका पंजीकरण 22 नवंबर 2025 बताया जा रहा है। ​

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना कोई एक दिन की बात नहीं है, बल्कि ऐसी घटनाएं अब आए दिन घटित हो रही हैं, जिससे पंप कर्मियों में भारी रोष और असुरक्षा का माहौल है। घटना के तरीके पर गौर करें तो शातिर युवा अपनी गाड़ी में ₹400, 500 या 600 का तेल (पेट्रोल) भरवाते हैं और जैसे ही नोजलमैन भुगतान के लिए हाथ बढ़ाता है, वे गाड़ी लेकर रफू चक्कर हो जाते हैं।​ स्थिति इतनी दयनीय है कि गरीब नोजलमैन असहाय होकर उनके पीछे दौड़ते रह जाते हैं, लेकिन तेज रफ्तार गाड़ी का पीछा करना उनके लिए नामुमकिन साबित हो रहा है।

मामले को लेकर पेट्रोल पंप के इंचार्ज अशोक सिंह ने गांधीनगर थाना को सूचित कर दी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसे भगौड़ों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप पर तेल डलवाकर भाग जाने की घटना कई बार हो चुकी है। इससे न केवल पेट्रोल पंप संचालकों को आर्थिक हानि उठानी पड़ती है, साथ ही जल्दबाजी में बड़ी दुर्घटना का भी अंदेशा बना रहता है।

उन्होंने घटना पर कड़ा रोष जताते हुए कहा कि अगर ऐसी घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया तो पेट्रोल पंप संचालक किसी भी बड़ी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। इसलिए पुलिस प्रशासन को चाहिए कि वे पेट्रोल पंप संचालकों की शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लें और तत्परता से आरोपित गाड़ी चालक को पकड़ें, ताकि सही समय पर ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। एसोसिएशन ने पेट्रोल पंप नुमाइंदों को भी आगाह किया कि वे वाहन चालक की गतिविधियों पर पैनी नजर रखें और ऐसी किसी भी घटना की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *