Advertisement

बोकारो में इंसानियत पड़ी भारी: मदद करने निकले दंपति पर नशे में धुत युवकों का हमला

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। नेकी कर और दरिया में डाल वाली कहावत चरितार्थ होते बोकारो में देखने को मिला, जब मदद करनेवाले की जमकर पिटाई कर दी गयी।

बोकारो के सेक्टर बारह थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली और चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां इंसानियत दिखाना एक दंपति को भारी पड़ गया। घर के बाहर जोरदार आवाज सुनकर जब पति-पत्नी मदद के इरादे से बाहर निकले, तो उन्हें क्या पता था कि यह कदम उनकी जिंदगी का सबसे खौफनाक अनुभव बन जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार, एक कार अनियंत्रित होकर पड़ोस की दीवार से जा टकराई थी। गाड़ी का टायर पंचर हो चुका था और चालक बार-बार वाहन को पीछे करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान स्थानीय रहिवासी इकबाल सिंह ने स्थिति को लेकर सवाल किया, जिस पर कार सवार युवक भड़क गये। देखते देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने इकबाल सिंह पर हमला बोल दिया। शोर सुनकर उनकी पत्नी हरजिंदर कौर जब उन्हें बचाने पहुंचीं, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की।

आरोप है कि हमलावर कार सवार नशे में थे और उन्होंने ईंट से दोनों के चेहरे और शरीर पर वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि उक्त घटना के दौरान मौके पर काफी संख्या में स्थानीय रहिवासी जमा हो गए, लेकिन किसी ने भी दंपत्ति की मदद करने की हिम्मत नहीं दिखाई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने दंपति को जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस द्वारा घायल दंपति को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सवाल उठना लाजमी है कि यह घटना समाज के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा करती है कि क्या अब किसी की मदद करना भी खतरे से खाली नहीं रहा?

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *