वित्तीय वर्ष 2025-26 में ₹1190 करोड़ से अधिक का राजस्व अर्जित
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने 4 अप्रैल को अपने कार्यालय सभा कक्ष में एक प्रेस वार्ता की।
आयोजित प्रेस वार्ता में डीआरएम ने सोनपुर रेल मंडल के वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में सोनपुर मंडल ने ₹1,190.89 करोड़ का राजस्व अर्जित किया है। उक्त वित्तीय वर्ष में रेल मंडल ने न केवल राजस्व के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, बल्कि बुनियादी ढांचे और यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण में भी अभूतपूर्व प्रगति की है।
डीआरएम सरन ने रेल मंडल की प्रमुख उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि इस दौरान रेल मंडल ने कुल ₹1,190.89 करोड़ का राजस्व अर्जित किया। कहा कि माल ढुलाई के क्षेत्र में रिकॉर्ड 1,702 रेक लोड किए गए, जिससे ₹517.01 करोड़ की आय हुई। विशेष रूप से उर्वरक लदान में 23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
गैर-भाड़ा राजस्व (एनएफआर) की दृष्टि से ₹5.25 करोड़ की सर्वाधिक आय प्राप्त कर लक्ष्य से 14 प्रतिशत अधिक सफलता पाई। इसी तरह टिकट जांच अभियानों के अंतर्गत बिना टिकट यात्रा पर लगाम कसते हुए ₹52.30 करोड़ का जुर्माना वसूला गया। डीआरएम ने बताया कि उक्त अवधि में यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए रेल मंडल ने कई तकनीकी नवाचार किए हैं, जिनमें एक क्यू-मित्र प्रणाली भी है। कहा कि सोनपुर रेल मंडल के बेगूसराय स्टेशन पर तत्काल टिकट के लिए पूर्णतः स्वचालित प्रणाली शुरू की गई। इसी तरह डिजिटल पेमेंट की व्यवस्था के तहत सभी काउंटरों पर डायनेमिक क्यूआर कोड लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पूर्व मध्य रेल में सर्वाधिक रेल कोच रेस्टोरेंट (बरौनी, हाजीपुर, खगड़िया) एवं बेगूसराय में निर्माणाधीन कोच रेस्टोरेंट संचालित करने का गौरव सोनपुर रेल मंडल को मिला है। इस अवधि में 530 ऑनलाइन दिव्यांग कार्ड जारी कर रियायत प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया। बुनियादी ढांचा और भविष्य की योजनाओं पर बात रखते हुए उन्होंने बताया कि भविष्य की रेल सेवा अधिक आधुनिक और सुरक्षित होगी। कहा कि 14 अमृत भारत स्टेशनों (एबीएसएस) और बरौनी जंक्शन के विकास के लिए ₹550 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा 40 अन्य परियोजनाओं के लिए ₹332 करोड़ का बजट आवंटित है, जिसमें हाई-लेवल प्लेटफॉर्म, नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) और सीसीटीवी निगरानी शामिल है।
उन्होंने कहा कि बिहार के वैशाली से झारखंड के कोडरमा के बीच बुद्ध सर्किट ट्रेन का स्थायी संचालन शुरू किया गया है, जो पर्यटन को बढ़ावा देगा। कहा कि सोनपुर रेल मंडल राजस्व वृद्धि के साथ-साथ सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल रेल सेवाओं के लिए प्रतिबद्ध है। कहा कि हमारा लक्ष्य रेल यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधा प्रदान करना है।
![]()













Leave a Reply