घंटों बाढ़ के पानी में खड़ी व्रतधारी महिलाओं ने रिंग बांध नहीं तो वोट नहीं का लगाया नारा
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर अंचल के सबलपुर सहित सात पंचायतों को गंगा नदी के कटाव से स्थायी निदान तथा रिंग बांध बनवाने की मांग को लेकर 14 सितंबर को विशाल मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया।
रिंग बांध बनाओं संघर्ष समिति के आह्वान पर यह मानव श्रृंखला सोनपुर के हरिहरनाथ थाना – सबलपुर कचहरी बाजार मुख्य मार्ग होते सबलपुर पछियारी पंचायत राहर दियारा चौक तक लगभग दस किलोमीटर के दायरे में था, जिसमें हजारों की संख्या में महिलाओं, पुरुषों एवं बालक – बालिकाओं ने हिस्सा लिया।
बताया जाता है कि गंगा नदी के बाढ़ के पानी में डूबी सड़कों पर जीवित पुत्रिका व्रतधारी महिलाओं ने घंटों खड़ी रहकर रिंग बांध निर्माण के लिए मानव श्रृंखला (मानव बांध) बनाकर सरकार को चेतावनी दी कि रिंग बांध नहीं तो वोट नहीं। इस मानव श्रृंखला में सबलपुर दियारा के चार पंचायतों के साथ – साथ राहर दियारा – नजरमीरा पंचायत के ग्रामीणों ने भी अपनी सशक्त भागीदारी निभाई।

सभी ने मानव श्रंखला बना कर रिंग बांध की मांग करते हुए बिहार सरकार की चुप्पी का विरोध किया। बाढ़ पीड़ित महिलाओं ने भी कटाव से बचाव के लिए रिंग बांध के निर्माण की मांग को लेकर बाढ़ के पानी में खड़ा होकर मानव शृंखला का निर्माण किया। यह दृश्य राहर दियारा – सबलपुर नया बाजार मुख्य मार्ग से नेवल टोला व् बिंद टोली जाने वाले मुख्य मार्ग पर दिखा।
बाढ़ के पानी में डूबी सड़क पर घुटनों भर पानी में मानव श्रृंखला बनाकर खड़ी महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि रिंग बांध बनाओं, नहीं तो करेंगे वोट का बहिष्कार। मानव श्रृंखला में महिलाएं, पुरुषों और बच्चों की भारी संख्या देखी गई। मानव श्रंखला बना कर इस बार के चुनाव में वोट के बहिष्कार करने का भी निर्णय लिया गया। सभी के हाथों में वोट बहिष्कार लिखा तख्ती था और नारा लगा रहे थे कि रिंग बांध नही तो वोट नहीं। सबलपुर हस्ती टोला, कचहरी बाजार, सबलपुर नया बाजार, राहर दियारा चौक तक मानव श्रृंखला देखते ही बनता था। खासकर महिलाओं में सरकार के उदासीन रवैये से महिलाओं में आक्रोश था। वे सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों से नाराज दिख रही थी।
![]()













Leave a Reply