Advertisement

डीएवी ढोरी में हिंदी दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में फुसरो डुमरी मुख्य पथ पर मकोली मोड़ के समीप स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी में बीते 15 सितंबर को हिंदी दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

जानकारी के अनुसार विद्यालय के महात्मा हंसराज पुस्तकालय सह वाचनालय मे हिंदी दिवस आयोजित किया गया। सर्वप्रथम वि‌द्यालय के प्राचार्य अमिताभ दासगुप्ता, वरीय शिक्षक एल. के. पाल तथा एस. बी. सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर वरीय शिक्षक एस. बी. सिंह ने राजभाषा की महत्ता तथा राष्ट्रभाषा की आवश्यकता विषय पर प्रकाश डाला। शिक्षक गोपाल शुक्ला ने हिन्दी का उद्‌भव, विकास व हृास पर अपना मंतव्य प्रकट किया। साधु चरण शुक्ला ने हिन्दी का इतिहास व राष्ट्रहित में हिन्दी, पल्लवी भारद्वाज ने तकनीकि क्षेत्र में हिन्दी, के. के. पांडेय ने हिन्दी में रोजगार की संभावनाएँ, बेबी अंजुम ने प्रारंभिक कक्षाओं में भाषा शिक्षण के गुर बताएँ। वहीं वरीय शिक्षक एस.बी. नारायण ने हिन्दी की व्यावहारिकता पर बल दिया।

इस अवसर पर प्राचार्य अमिताभ दासगुप्ता ने हिन्दी दिवस पर अपनी शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जिस प्रकार वाणी के बिना व्यक्ति गूँगा होता है, उसी प्रकार भाषा के बिना राष्ट्र। अतः राष्ट्रहित में हमें हिंदी के सर्वाधिक प्रयोग पर गौरवान्वित होना चाहिए। कहा कि हर क्षेत्र में हिन्दी के माध्यम से नित नूतन आयाम तय करने हेतु देश के सभी नागरिको को सदा उद्धत रहना चाहिए।

हिन्दी विभागाध्यक्ष एस.बी. सिंह ने कहा कि हिन्दी अध्यापन में ईमानदारी बरतते हुए प्रारंभिक स्तर से ही शुद्ध व स्पष्ट भाषायी कौशल का विकास किया जाना चाहिए। कविता, कहानी, नाटक, उपन्यास व डायरी लेखन के लिए प्रेरित करने से बच्चों के आत्म विश्वास में वृद्धि होगी। पत्रकारिता के क्षेत्र में नवोदित प्रतिभाओं को मुखरित होने का अवसर देकर अर्थोपार्जन के साथ प्रतिष्ठा प्राप्ति का हिन्दी सफल माध्यम है। अन्त में, उद्‌घोष तथा मंच संचालन एस.बी. सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *