प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। झारखंड जन कल्याण समिति द्वारा 8 अप्रैल को बोकारो जिला के हद में गर्ल्स हाई स्कूल पेटरवार में किशोरावस्था एवं मानसिक स्वास्थ्य विषय पर एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ श्रेयशी सिन्हा द्वारा किया गया, जिसमें विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जानकारी के अनुसार किशोरावस्था एवं मानसिक स्वास्थ्य पर आयोजित जागरूकता अभियान सत्र के दौरान डॉ श्रेयशी सिन्हा ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से मासिक धर्म के दौरान किशोरियों को स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि सैनिटरी पैड का उपयोग क्यों आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को समझाया कि कपड़े के उपयोग से कई प्रकार की संक्रमणजनित समस्याएं हो सकती हैं, जैसे स्किन रैशेज, इरीटेशन, इन्फेक्शन, बैक्टिरियल ग्रोथ तथा अन्य कई तरह की खतरनाक बिमारी जो रिप्रोडक्टिव हेल्थ को एफेक्ट कर सकते है। उन्होंने छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूक किया और स्वच्छता बनाए रखने के सही तरीकों की जानकारी दी।
मौके पर मानसिक स्वास्थ्य के विषय में डॉ सिन्हा ने छात्राओं को काउंसलिंग प्रदान की और उन्हें चिंता, अवसाद एवं तनाव से बचने के उपाय बताए। उन्होंने सकारात्मक सोच, संवाद और समय पर सहायता लेने के महत्व को भी समझाया। कार्यक्रम में नशा मुक्ति पर भी विशेष जोर दिया गया। डॉ सिन्हा ने छात्राओं को महुआ शराब एवं अन्य प्रकार के नशे से दूर रहने की सलाह दी तथा समाज में इसके दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने यह भी अपील की कि परिवार एवं समाज स्तर पर नशा से संबंधित गतिविधियों को रोकने के लिए पहल की जाए, ताकि स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण का निर्माण हो सके।
इस जागरूकता सत्र ने छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें एक स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं छात्राओं द्वारा झारखंड जन कल्याण समिति पेटरवार और डॉ श्रेयशी सिन्हा का आभार व्यक्त किया गया।
![]()













Leave a Reply