Advertisement

रायफल साफ करने के दौरान गोली लगने से हवलदार बारगी उरांव की मौत

प्रहरी संवाददाता/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम) पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा थाना में पदस्थापित हवलदार 52 वर्षीय बारगी उरांव की बीते 9 सितंबर को गोली लगने से मौत हो गई। मृतक साहेबगंज के जैप-नाइन का हवलदार था।

जानकारी के अनुसार हवलदार अपने बैरक में इन्सास राइफल की सफाई कर रहे थे। इस दौरान गलती से ट्रिगर दब गया और राइफल से निकली गोली उनके सिर में जा लगी। घटना बीते 9 सितंबर की शाम लगभग 5:30 बजे की बताई जा रही है। बताया जाता है कि गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।घटना के बाद पूरे थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल मच गया। साथी जवान उन्हें बचाने की कोशिश में तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुटे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दूसरे दिन 10 सितंबर को हवलदार का शव चाईबासा सदर अस्पताल लाया गया।

इस बीच घटना की जानकारी अनुमंडल पदाधिकारी जगन्नाथपुर ने जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चाईबासा को दी। इसके बाद उपायुक्त ने आदेश जारी कर शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराने का निर्देश दिया। इसके लिए अंचल अधिकारी खूंटपानी फुलेश्वर साव को दंडाधिकारी नियुक्त किया गया।

साथ ही तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड का भी गठन किया गया है, जिसमें सदर अस्पताल चाईबासा के चिकित्सक डॉ चन्दन कुमार रवि, डॉ शिरिल संदीप सवैया और डॉ दीपक कुमार सिन्हा शामिल हैं। पोस्टमार्टम पूरी तरह दंडाधिकारी की देख-रेख में और वीडियोग्राफी के साथ कराया जाएगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हवलदार बारगी उराँव बेहद अनुशासित और जिम्मेदार जवान थे। यह घटना पूरी तरह एक हादसा है, इसमें किसी तरह की लापरवाही की गुंजाइश नहीं है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *