प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। गिरिडीह जिला के हद में डुमरी थाना क्षेत्र के मधगोपाली पंचायत के दूधपनिया रहिवासी प्रवासी मजदूर विजय कुमार महतो की मौत पिछले 22 दिनों पूर्व 24 अक्टूबर को गोली लगने से सऊदी अरब में हो गई। विजय की मौत से उसका पूरा परिवार सदमे में है। पत्नी बसंती देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के दो पुत्र ऋषि (5 वर्ष) और रौशन (3 वर्ष) हैं।
सऊदी अरब में मारे गये विजय का शव नहीं आने से उसके घर के चूल्हे नहीं जल रहे हैं। परिजन हर दिन शव के आने का इंतजार करते रहते हैं। पति का शव सऊदी अरब से मंगाने को लेकर पत्नी बसंती देवी बार-बार सरकार से मुआवजा के साथ शव भेजने की गुहार लगा रही है।
मृतक की पत्नी का कहना है कि उसके पति सऊदी अरब में हुंडई इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते थे। बीते माह 15 अक्तूबर की शाम को उनके पति का वॉइस मैसेज आया था। मैसेज में कहा गया था कि पुलिस किसी और पर गोली चला रही थी, लेकिन गोली गलती से उसे लग गई। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां 24 अक्तूबर को उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने 16 नवंबर को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इस क्षेत्र की बड़ी आबादी देश- विदेश में काम कर रही है। ऐसे में मजदूर के साथ घटना होने के बाद मुआवजा मिलना एक बड़ी समस्या है। परिजन भी मुआवजा नहीं मिलने तक परेशान रहते हैं। ऐसे में महीनों तक मजदूरों का शव विदेश में पड़ा रहता है। मृतक के परिजन हर दिन शव आने के इंतजार में रहते हैं। काफी मुश्किल से परिवार को मुआवजे के साथ शव मिल पाती है। उन्होंने सरकार से अपील करते हुए उचित मुआवजा के साथ विजय का शव सऊदी अरब से जल्द भेजने की मांग की है, ताकि मृतक का अंतिम संस्कार किया जा सके।
![]()













Leave a Reply