प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार स्थित भारतमाला परियोजना फेज वन के तहत बन रही फोरलेन सड़क निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही उजागर हुई है।
गिरिडीह सांसद सीपी चौधरी द्वारा एक वर्ष पूर्व दिए गए निर्देश के बावजूद पेटरवार प्रखंड के हद में चरगी स्थित मुक्तिधाम के निर्माण में लगातार हो रही देरी पर सांसद ने नाराजगी जताते हुए 13 नवंबर को अपनी टीम के साथ स्वयं मुक्तिधाम परिसर पहुंचे और फोरलेन सड़क निर्माण कार्य को बंद करा दिया।
इस अवसर पर सांसद चौधरी ने कहा कि जब तक मुक्तिधाम का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाएगा, तब तक सड़क निर्माण आगे नहीं बढ़ेगा। ज्ञात हो कि सांसद ने इससे पहले बीते 21 जुलाई को एनजी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी और एनएचएआई (एनएचएआई)के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाते हुए चेतावनी दी थी कि यदि मुक्तिधाम का निर्माण शीघ्र आरंभ नहीं किया गया तो सड़क निर्माण कार्य रोक दिया जाएगा।
इसके बाद एनएचएआई की टीम ने चरगी मुक्तिधाम का निरीक्षण किया था और अधिकारियों को निर्देश दिया गया था कि मुक्तिधाम में 40 से 50 फीट का शवदाह शेड बनाया जाए। साथ हीं डीप बोरिंग की सुविधा दी जाए और मुख्य सड़क से मुक्तिधाम तक सीढ़ियों का निर्माण कराया जाए।
हालांकि चार माह बीत जाने के बावजूद चरगी में मुक्तिधाम निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, जिससे स्थानीय रहिवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी।
इसी को लेकर सांसद ने आखिरकार फोरलेन सड़क निर्माण कार्य को ठप करा दिया। गौरतलब है कि पेटरवार प्रखंड के आसपास के लगभग 18 गांवों के रहिवासी अपने परिजनों का अंतिम संस्कार चरगी मुक्तिधाम में ही करते हैं। लेकिन सड़क निर्माण के दौरान पुरानी सीढ़ियों को बंद कर दिए जाने से रहिवासियों को श्मशान घाट तक पहुंचने में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं, इस मामले पर एनएचएआई अधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
![]()













Leave a Reply