Advertisement

डुमरी बिहार के समीप कोयला लोड मालगाड़ी की चार वैगन बे-पटरी

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेल मंडल, गोमो-बरकाकाना रेल खंड पर डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन के समीप मालगाड़ी की चार वैगन बे-पटरी हो गयी। जिससे रेल महकमा में हड़कंप देखा जा रहा है।

बोकारो जिला के हद में धनबाद रेल मंडल के डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन के समीप 15 अप्रैल की सुबह एक मालगाड़ी (एमटीपीएस) के चार वैगन पटरी से उतर गया। इस घटना के बाद रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और एक बड़ा रेल हादसा टल गया है। यह हादसा डुमरी बिहार स्टेशन के पास बने यार्ड लाइन नंबर 7 में उस समय हुआ जब मालगाड़ी अपनी गति में थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोयला लोड मालगाड़ी लोडिंग पॉइंट से कोयला लेकर पश्चिम बंगाल के मेजिया थर्मल पॉवर स्टेशन (एमटीपीएस) जा रही थी। डुमरी बिहार सिग्नल से 7:26 मिनट में खुली ही थी कि 7 बजकर 29 मिनट में अचानक मालगाड़ी के चार वैगन बे-पटरी हो गए। जिससे बोगी नंबर 7 और 8 पोल संख्या डीएमबीआर/1117 व लाइन नंबर 7 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के वक्त पोल डीएमबीआर/1117 भी अपने स्थान से उखड़कर वैगन के ऊपर चला गया।

मौके पर डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन प्रबंधक पीपी टोप्पो व ट्रैफिक इंस्पेक्टर (टीआई) अवधेश कुमार राम क्षति का आकलन और रेलवे लाइन को दुरुस्त करने में जुटे हैं। बताया गया कि धनबाद रेल मंडल के वरीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। घटना के बाद इस रूट पर रेल परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनों को बीच में ही रोकना पड़ा या उनके मार्ग में परिवर्तन की संभावना जताई जा रही है। हलांकि सूचना मिलते ही धनबाद रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीमें घटना स्थल पहुंचकर कार्रवाई में जुटी है।

उक्त रेल मार्ग पर रेल सेवा को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए रेल मंडल धनबाद के संबंधित अधिकारी युद्ध स्तर पर ट्रैक को खाली कराने और वैगनों को वापस पटरी पर लाने के काम में जुटे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रेल यातायात को सामान्य करने में कुछ घंटों का समय लग सकता है। रेलवे द्वारा हादसे के कारणों की जांच के लिए एक टीम का गठन किया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि तकनीकी खराबी या ट्रैक में किसी खामी की वजह से यह हादसा हुआ है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *