एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड बटालियन हजारीबाग एनसीसी बीएन 22 के आर्मी विंग द्वारा 11 अप्रैल को आयोजित शूटिंग ट्रायल में बोकारो जिला के हद में डीएवी कथारा के चार प्रतिभाशाली कैडेट्स का चयन किया गया। उक्त जानकारी डीएवी कथारा के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने दी।
उन्होंने बताया कि इस चयन प्रक्रिया में झारखंड के विभिन्न विद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। सबको कड़ी टक्कर देते हुए विद्यालय के वर्ग नवम के कैडेट्स नव्या अंबिका, अनन्या, रितेश एवं तेजस सिंह ने अपना स्थान सुनिश्चित किया। कहा कि विद्यालय से एनसीसी आर्मी विंग के 15 कैडेट्स इस चयन प्रक्रिया में शामिल हुए थे। चुने गए कैडेट्स अत्यंत प्रतिष्ठित थल सैनिक कैंप में शिरकत करेंगे। उन्हें भारत के जांबाज थल सैनिकों द्वारा शूटिंग के गुर सिखाए जाएंगे।

विद्यालय के प्राचार्य सह- झारखंड जोन -आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी.एन. खान ने कैडेट्स की इस उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में भारतीय सैनिकों द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त करना वाकई काबिले तारीफ है। उन्हें यह उपलब्धि एनसीसी में शामिल होने के कारण ही मिली। उन्होंने कहा कि एनसीसी न केवल देशभक्ति एवं अनुशासन का पाठ पढ़ाता है, बल्कि सुरक्षा क्षेत्र में भविष्य गढ़ने की संभावनाओं को भी निखारता है।

प्राचार्य सह एआरओ डॉ खान ने विश्वास जताया कि जिस प्रकार आज इन कैडेट्स ने विद्यालय का मान बढ़ाया है, उसी प्रकार यह आगे चलकर देश का नाम भी रोशन करेंगे। उन्होंने विद्यालय के खेल शिक्षक सह आर्मी विंग के मुख्य प्रशिक्षण अधिकारी (सीटीओ) शिव प्रकाश सिंह को भी शुभकामनाएं दीं एवं उनकी मेहनत को सराहा। ज्ञात हो कि डीएवी कथारा में एनसीसी के आर्मी तथा नेवेल दोनों शाखाओं का संचालन हो रहा है।विद्यालय के कैडेट्स जहां जाते हैं, अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा कर ही आते हैं। कैडेट्स की इस सफलता पर पूरे विद्यालय परिवार ने हर्ष जताया है।
![]()













Leave a Reply