Advertisement

सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सावन माह की पहली सोमवारी पर 3 अगस्त को बोकारो जिले के सभी शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में लंबी कतारें लगाईं। पूरा वातावरण हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालु हाथों में बेलपत्र, तांबे के लोटे में जल, दूध, दही और अन्य पूजन सामग्री लेकर मंदिरों की ओर जाते दिखाई दिए। विशेष रूप से महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा और सोलह श्रृंगार में भगवान शिव की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

मान्यता है कि सावन की पहली सोमवारी पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने और विधि-विधान से पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती है। साथ ही श्रद्धालू को मानसिक शांति, शारीरिक स्वास्थ्य और जीवन में सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसी आस्था के कारण हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस दिन भगवान भोलेनाथ की पूजा करने पहुंचते हैं।

इस अवसर पर लगभग सभी मंदिरों में पूजा-अर्चना को लेकर विशेष व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक जलाभिषेक किया और भोलेनाथ से परिवार की खुशहाली, सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। सावन की पहली सोमवारी को लेकर पूरे जिले में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *