Advertisement

केन्द्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में अग्निशमन जागरूकता अभियान का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में 16 अप्रैल को अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत अग्निशमन जागरूकता सेवा का केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की स्थानीय इकाई द्वारा विद्यार्थियों को जागरूक करने हेतु आयोजन किया गया।

इस अवसर पर सर्वप्रथम विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी आर डे ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अधिकारियों व कर्मचारियों का औपचारिक स्वागत किया एवं कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। तत्पश्चात् सीआईएसएफ़ के जवानों ने प्रशिक्षण प्रारंभ किया। उपस्थित छात्रों को अग्नि से संबंधित दुर्घटनाओं व उनके बचाव से संबंधित जानकारी दी। प्रायोगिक प्रशिक्षण द्वारा विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ डे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी विद्यार्थियों को फ़ायर सेफ़्टी से संबंधित ज्ञानार्जन करना चाहिए। उन्हें समाज व राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वाह करना चाहिए। कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान होता है। वह समाज व राष्ट्र के अच्छे नागरिक बनते हैं।

सीआईएसएफ़ स्थानीय इकाई बोकारो थर्मल के फ़ायर सेफ़्टी इंजीनियर ए के शर्मा ने आपदा, आपदा प्रबंधन, अग्निशमन से संबंधित विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। आग लगने पर बचाव के उपाय बताए। उन्होंने बच्चों के लिए प्रतियोगिता के संबंधित जानकारी दी। इकाई कमांडेंट अरूण कुमार गिरि ने कार्यक्रम के सफल आयोजन होने पर विद्यालय के प्राचार्य को साधुवाद प्रेषित करते हुए कहा कि बच्चे राष्ट्र की पूँजी हैं। विद्यार्थियों को नवीन ज्ञान और अनुसंधान, नवोन्मेष से परिचित कराना अति आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के शिक्षक प्रभात कुमार ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद इमरान ने किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हो गया तथा अंत में सभी ने एक दूसरे का आभार व्यक्त किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *