एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जिला प्रशासन बोकारो द्वारा जिला उपायुक्त अजय नाथ झा के नाम से बनाए गए फर्जी फेसबुक अकाउंट एवं वाट्स एप नंबर मामले को गंभीरता से लेते हुए विधि सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस बाबत बी.एस.सिटी थाना में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार ने बीते 8 सितंबर को कांड क्रमांक-197/25 तथा चास थाना में चास के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बीते 6 सितंबर को कांड क्रमांक 127/25 दर्ज करा दिया है। संबंधित पदाधिकारियों द्वारा दिए गए आवेदन पर अलग–अलग प्राथमिकी दर्ज करायी गई है। दर्ज मामले में कहा गया है कि उपायुक्त बोकारो के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट/वाट्स एप नंबर बनाकर आम जनों को ठगने और भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त के नाम फर्जी फेसबुक अकाउंट – वाट्स एप नंबर बनाने वाले ठगों पर अविलंब कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। वर्तमान में पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बोकारो जिला प्रशासन ने आम रहिवासियों से आग्रह किया है कि वे केवल आधिकारिक पोर्टल एवं सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट्स से ही जानकारी प्राप्त करें।
जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने आमजन से अपील की है कि ऐसे फर्जी अकाउंट या संदेशों के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध जानकारी या संचार प्राप्त होने पर इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन/पुलिस व् साइबर सेल को दें।
![]()













Leave a Reply