Advertisement

अचानक अतिक्रमण हटाना प्रशासन की वादा खिलाफी-महासंघ

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झुग्गी-झोंपड़ीवासी सह फुटपाथ दुकानदार महासंघ और आम आदमी पार्टी ने 8 नवंबर को सेल प्रबंधन और बोकारो जिला प्रशासन द्वारा चलाए गये अतिक्रमण हटाओ अभियान की कड़ी निंदा की है। इसे प्रशासन की वादा खिलाफी बताते हुए प्रशासन से मुआवजा और पुनर्वास की मांग की गयी है।

महासंघ के संरक्षक सह आम आदमी पार्टी के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश ने कहा है कि पिछले कई दिनों से उपायुक्त बोकारो और अनुमंडल पदाधिकारी चास से वार्ता के दौरान सिर्फ मीट-मुर्गा दुकानों को हटाने की बात कही गयी थी। उन्होंने स्वयं ही दुकानें हटा ली थीं, लेकिन कार्रवाई के दौरान कई अन्य दुकानों और लगभग पचास गरीबों की झोंपड़ियाँ भी तोड़ दी गई है।

उन्होंने बताया कि सदमें से अतिक्रमण कार्रवाई से पूर्व ही एक युवक ओम कुमार ने दम तोड़ दिया। वह अकेला कमानेवाला था, इसलिए प्रशासन को उसकी विधवा माँ को कम से कम पचास हजार रुपए मुआवजा देना चाहिए। आप नेता कुमार राकेश ने कहा कि आगे आंदोलन कर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाएगा।

सेल बोकारो प्रबंधन और जिला प्रशासन की तानाशाही कार्रवाई की निंदा करने वालों में महासंघ के जिलाध्यक्ष श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, कार्यकारी अध्यक्ष संजय रजक, उपाध्यक्ष सत्येंद्र ठाकुर, बुधनी देवी, सुनीता देवी, रामचंद्र राम, गोविंद जायसवाल, आम आदमी पार्टी के जोनल पर्यवेक्षक विधान चंद्र राय, जिला प्रभारी अरविंद विकास, धर्मेंद्र शर्मा, अशोक कुमार, मनौवर अंसारी, ग्यासुद्दीन अंसारी, उत्तम सिंह चौधरी, संजय कुमार सहित अन्य शामिल हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *