उत्क्रमित मध्य विद्यालय झरमूंगा में विदाई समारोह का आयोजन
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय झरमूंगा में 31 जुलाई को विद्यालय के सहायक अध्यापक केनीलाल महतो के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर भावुक माहौल से भर गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने समारोह को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपने प्रिय शिक्षक के प्रति प्रेम, सम्मान एवं सद्भावना का अनूठा परिचय दिया।
इस अवसर पर अपने विदाई संबोधन में सहायक अध्यापक केनीलाल महतो ने कहा कि मैंने इस विद्यालय में पूरे 22 वर्षों तक सेवा दी। इस दौरान विद्यालय की परिस्थितियों के अनुरूप छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा देने का सदैव प्रयास किया और अपने कर्तव्यों के निर्वहन में कभी कोई कोताही नहीं बरती। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का स्नेह और सहयोग मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी रहेगा। मैं सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।

विद्यालय के प्रधान प्रभारी बेबी सीमा ने कहा कि सहायक अध्यापक केनीलाल महतो एक समर्पित, अनुशासित और कर्मठ शिक्षक रहे हैं। उन्होंने अपने लंबे कार्यकाल में विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी सेवाएं सदैव याद रखी जाएंगी। सहायक शिक्षक संजय कुमार महतो ने कहा कि एक शिक्षक केवल पढ़ाता ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन को दिशा भी देता है। महतो ने अपने व्यवहार और कार्यशैली से सभी का दिल जीता है। युधिष्ठिर महतो ने अपने संबोधन में कहा कि 22 वर्षों तक विद्यालय और विद्यार्थियों के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायक है। उनके अनुभव और योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
शिक्षिका मीना कुमारी ने कहा कि विद्यालय परिवार उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की कामना करता है। कहा कि उनका स्नेह और मार्ग दर्शन हम सभी को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। इस अवसर पर छात्रधारी महतो, आकाश कुमार महतो, रविशंकर महतो सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्रा एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने केनीलाल महतो को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
![]()













Leave a Reply