Advertisement

गोपनीय परिसर में अनुसेवक कर्ण सिंह चौधरी का विदाई सह सम्मान कार्यक्रम

डीसी ने अनुसेवक को प्रणाम कर अपने वाहन से घर तक किया रवाना

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला प्रशासन के इतिहास में 6 अप्रैल को एक अनूठी और मानवीय मिसाल उस समय देखने को मिली, जब जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने अपने आवासीय परिसर में प्रतिनियुक्त अनुसेवक कर्ण सिंह चौधरी को जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ विदाई दी, उसने उपस्थित सभी जनों को भावुक कर दिया। यह केवल एक औपचारिक विदाई नहीं, बल्कि एक परिवार के सदस्य को सम्मानपूर्वक विदा करने का मार्मिक क्षण था।

समारोह के दौरान उपायुक्त ने जब अनुसेवक चौधरी को संबोधित करते हुए कहा कि आप हमारे परिवार का हिस्सा हैं, आपकी सेवा के लिए हम कृतज्ञ हैं, उपस्थित सभी जनों की आंखें नम हो गयी। उन्होंने कहा कि प्रशासन केवल अधिकारियों से नहीं चलता, बल्कि उन कर्मियों के समर्पण से सशक्त होता है, जो चुपचाप अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं।
इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी कर्मियों को यह संदेश दिया कि कार्यस्थल पर केवल जिम्मेदारियां ही नहीं, बल्कि रिश्ते भी निभाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के सुख-दुख को समझते हुए टीम भावना के साथ कार्य करना ही सच्ची सेवा है।

मौके पर उपस्थित उपायुक्त की धर्मपत्नी डॉ प्रतिमा झा ने भी भावुक शब्दों में कहा कि कर्ण सिंह चौधरी की ईमानदारी व् कार्य निष्ठा से एक विशेष लगाव बन गया था। उन्होंने कहा कि वे हमेशा हमारी यादों का हिस्सा बने रहेंगे। ज्ञात हो कि अक्सर सरकारी विदाई समारोह औपचारिकता तक सीमित रह जाते हैं, लेकिन इस अवसर पर जो अपनापन, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला, वह विरल था। उपायुक्त द्वारा स्वयं आगे बढ़कर सम्मान देना और अपने वाहन से अनुसेवक चौधरी को उनके घर तक भिजवाना, इस विदाई को विशेष और यादगार बना दिया। विदाई सह सम्मान समारोह में उपस्थित अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, डीसीएलआर चास प्रभाष दत्ता सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारी प्रतिनिधियों ने भी कर्ण सिंह चौधरी के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सफल भविष्य की कामना की।

अंत में जब कर्ण सिंह चौधरी को सम्मानपूर्वक विदा किया गया, तो वह क्षण केवल एक कर्मचारी की विदाई नहीं, बल्कि एक परिवार के सदस्य से बिछड़ने जैसा प्रतीत हो रहा था। एक ऐसा दृश्य, जिसने प्रशासनिक तंत्र में मानवीय संवेदनाओं की नई मिसाल कायम कर दी। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, डीडीएमओ शक्ति कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी व् कर्मी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *