रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। उद्योग निदेशालय झारखंड सरकार के निर्देश पर 12 जून को बोकारो नील के हद में बहादुरपुर स्थित सहयोगिनी संस्था कार्यालय में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत एक दिवसीय उद्यम कैंप का आयोजन किया गया।
उद्यम कैंप का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित उद्योगों को बढ़ावा देना और स्थानीय युवाओं व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना था।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चैंबर ऑफ कॉमर्स जैनामोड़ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में विभिन्न प्रकार के उत्पादों से जुड़े उद्योग स्थापित कर रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए यह सरकार की एक अत्यंत सराहनीय और बेहतरीन योजना है। कहा कि स्थानीय स्तर पर उद्योगों के लगने से पलायन थमेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
जिला उद्योग केंद्र बोकारो के प्रबंधक विकास प्रकाश ने इस अवसर पर कहा कि सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में असीम संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने उपस्थित जनों को आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपने उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रेरित किया। वहीं, मुख्य अतिथि जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद ने योजना की तकनीकी बारीकियों और इसकी विस्तृत रूपरेखा से सभी को अवगत कराया।
सहयोगिनी की सचिव कल्याणी सागर ने योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा असंगठित खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने के लिए केंद्र प्रायोजित योजना है। यह आत्मनिर्भर भारत अभियान का एक अहम हिस्सा है। कहा कि इसके तहत छोटे उद्यमियों, किसानों और स्वयं सहायता समूहों को नया व्यापार शुरू करने या पुराने व्यवसाय को अपग्रेड करने के लिए भारी सब्सिडी और वित्तीय ऋण की सुविधा दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि असंगठित इकाइयों को तकनीकी और वित्तीय सहायता देकर उन्हें संगठित क्षेत्र में लाना कार्यक्रम का मख्य उद्देश्य है। कहा कि व्यक्तिगत सूक्ष्म उद्यमों को प्रोजेक्ट की कुल पात्र लागत का 35 प्रतिशत (अधिकतम ₹10 लाख प्रति यूनिट) पूंजी अनुदान के रूप में मिलेगा। कहा कि आवेदक की आयु कम से कम 18 वर्ष और शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम 8वीं पास होनी चाहिए। योजना से नए और पहले से फूड प्रोसेसिंग व्यवसाय से जुड़े उद्यमी इससे जुड़ सकते हैं।
कार्यक्रम में जिला उद्यमी समन्वयक किशोर रजक, नावाडीह प्रखंड के प्रखंड उद्यमी समन्वयक मोहन प्रसाद, संजय कुमार दास, नरेंद्र शेखर, राजेश कुमार बहादुर, सुभाष चंद्र सिंह, अबुतलहा कमर , सहयोगिनी के निदेशक गौतम सागर, कुमारी किरण, रवि कुमार राय, अभय सिंह, सूर्यमणि देवी, प्रकाश महतो, सोनी कुमारी, पुष्पा देवी, मंजू देवी, अनिल हेंब्रम, संगीता देवी, रेखा देवी, दशमी देवी, विनीता देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण रहिवासी सह भावी उद्यमी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply