Advertisement

गोमिया में हाथियों का आतंक, 48 वर्षीय महिला की गयी जान

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला प्रशासन तथा वन विभाग के लाख प्रयासों के बाद भी हाथियों का बढ़ता आतंक जिला के हद में गोमिया प्रखंड के सुदूर जंगल क्षेत्र के रहिवासियों के लिए परेशानी का सवब बन गया है। इस क्रम में हाथियों ने एक 48 वर्षीय महिला की जान ले ली है। इसे लेकर वन विभाग द्वारा चेतावनी जारी की गयी है।

जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के सुदूर जगेश्वर गांव में 48 वर्षीय ठगनी देवी 12 अप्रैल की सुबह अन्य महिलाओं के साथ कोली बेड़ा पत्थर नामक जंगल में महुआ चुनने गई थी। तभी अचानक एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। किसी तरह महिलाओं ने भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन ठगनी देवी हाथी की चपेट में आ गईं और हाथी ने उन्हें पटक कर मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बोकारो डीएफओ संदीप शिंदे के निर्देश पर विभागीय कर्मी विकास कुमार, नेहरू प्रजापति ने पीड़ित परिवार टिंकू महतो व सुनील महतो को तत्काल 25,000 रुपये की सहायता राशि दी है।

बताया गया कि सरकारी प्रावधानों के अनुसार कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक के परिजनों को कुल 4 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। ठगनी की मौत की घटना के बाद से स्थानीय रहिवासियों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है। रहिवासियों ने वन विभाग पर गश्त न करने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

इधर वन विभाग के डीएफओ संदीप शिंदे ने रहिवासियों को चेतावनी जारी की है कि वे अकेले या अंधेरे में जंगल की ओर न जाएं और हाथियों की मौजूदगी की स्थिति में सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि जंगल मे एक दर्जन हाथियों का एक झुंड सक्रिय है, जिन्हें वन विभाग की टीम लगातार ट्रैक कर रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *