विकास की धमाकेदार शतक, संतोष की कप्तानी पारी व् गेंदबाजी से मिली छठी जीत
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेडियम में आयोजित अंतर-विभागीय टी -20 क्रिकेट प्रतियोगिता में 4 अप्रैल को इलेक्ट्रिकल विभाग का दबदबा कायम रहा। लीग मैच में इलेक्ट्रिकल ने परिचालन विभाग को 61 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त देकर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश करने वाली पहली टीम बनने का गौरव हासिल किया। यह टीम की लगातार छठी जीत है। मैच में विकास रंजन का शतकीय प्रहार ने जीत की राह आसान कर दी।
इलेक्ट्रिकल टीम के कप्तान संतोष प्रकाश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का साहसिक फैसला लिया। सलामी बल्लेबाज विकास रंजन ने इस फैसले को सही साबित करते हुए मैदान के चारों ओर चौकों की बरसात कर दी। विकास ने मात्र 69 गेंदों का सामना करते हुए 18 चौकों की मदद से 113 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। मध्य क्रम में फैज अली खान (19 रन) और राहुल मिश्रा (16 रन) के उपयोगी योगदान तथा ज्योति यादव की आक्रामक फिनिशिंग की बदौलत इलेक्ट्रिकल ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 202 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। परिचालन की ओर से अरविंद सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 45 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

बताया जाता है कि 203 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी परिचालन विभाग की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। इलेक्ट्रिकल की सटीक गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण के आगे विपक्षी बल्लेबाज नियमित अंतराल पर अपने विकेट गंवाते रहे। टीम की ओर से अरविंद (35 रन) और पवन (34 रन) ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिलने के कारण टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 141 रन ही बना सकी। इस क्रम में बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी इलेक्ट्रिकल का प्रदर्शन शानदार रहा। कप्तान संतोष प्रकाश ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 3 विकेट झटके। वहीं, ओजस्वी और राहुल मिश्रा ने भी 2-2 विकेट लेकर परिचालन की कमर तोड़ दी।
मैच में शानदार शतकीय पारी खेलने वाले विकास रंजन को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से नवाजा गया। इस जीत के साथ ही इलेक्ट्रिकल विभाग की टीम ने खिताब की ओर मजबूती से कदम बढ़ा दिए हैं।
![]()













Leave a Reply