Advertisement

हर्षोल्लास के साथ केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में मनाया गया पृथ्वी दिवस

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। पृथ्वी दिवस केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में 22 अप्रैल को उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी. आर. डे द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने उद्बोधन में प्राचार्य ने पृथ्वी के संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. इसकी शुरुआत हमें अपने दैनिक जीवन से करना चाहिए।

इस अवसर पर शिक्षक हर्षित कुमार द्वारा सभी विद्यार्थियों और कर्मचारियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। स्कूली बच्चों ने प्लास्टिक मुक्त जीवन, जल संरक्षण तथा हरित पृथ्वी जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके अतिरिक्त, विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक मोहम्मद इमरान द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन विभा रानी श्रीवास्तव ने किया। इसके पश्चात कार्यक्रम का समापन किया गया। ज्ञात हो कि, केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में पृथ्वी दिवस का आयोजन विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा प्रकृति संरक्षण के संदेश को प्रसारित करने में सफल रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *