अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। भारतीय रेल के राजस्व में वृद्धि और माल ढुलाई को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 11 अप्रैल को पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल सभा कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्य रूप से मक्का व्यापारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए डीआरएम अमित सरन ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि मक्का लोडिंग से जुड़े सभी प्रमुख स्टेशनों पर बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य स्वीकृत हो चुके हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन कार्यों को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा, ताकि व्यापारियों को लोडिंग में कोई असुविधा न हो। कहा कि रेल महकमा रेलवे व्यापारियों को सुरक्षित, किफायती और समयबद्ध परिवहन सेवा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बताया जाता है कि चर्चा के दौरान मक्का व्यापारियों ने रैक की उपलब्धता, लोडिंग प्रक्रिया को और सरल बनाने तथा बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। अधिकारियों ने इन सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर रेलवे की ओर से सोनपुर के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल अभियंता, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता और सहायक वाणिज्य प्रबंधक (सामान्य) उपस्थित थे। साथ ही गुड्स सुपरवाइजर, डीसीआई और अन्य संबंधित पर्यवेक्षकों ने भी चर्चा में भाग लिया। यह बैठक रेल प्रशासन और व्यापारियों के बीच समन्वय तंत्र को मजबूत करने और भविष्य में मक्का लोडिंग के ग्राफ को ऊपर ले जाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।
![]()













Leave a Reply