नए क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्रों के लिए प्रस्ताव तैयार कर खेल संसाधन सुदृढ़ करें-डीसी
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला मुख्यालय समाहरणालय स्थित गोपनीय कार्यालय कक्ष में 13 जून को जिला खेल संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एजेंडावार विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा खेल गतिविधियों के विस्तार, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं खेल संसाधन को मजबूत बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में चिन्मय विद्यालय सेक्टर-5 स्थित डे-बोर्डिंग बालक बास्केटबॉल क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षक के रिक्त पद को भरने के लिए विज्ञापन प्रकाशित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, जिले में एथलेटिक्स, फुटबॉल, खो-खो, कुश्ती, बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के डे-बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र प्रारंभ करने के लिए एक सप्ताह के भीतर विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर समिति के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया।
बैठक में बोकारो जिला में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में आवासन सुविधा की अनुपलब्धता एवं आवश्यकता की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित क्षेत्रों के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचल अधिकारियों (सीओ) से प्रतिवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यकतानुसार अग्रेत्तर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) एवं जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) को जिले के विभिन्न विद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। प्रस्ताव में यह उल्लेख करने को कहा गया कि किन विद्यालयों में डे-बोर्डिंग अथवा आवासीय क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा सकते हैं तथा कौन-कौन से खेलों को प्राथमिकता दी जा सकती है।
बैठक में उपायुक्त ने जिले में संचालित आवासीय एवं एकलव्य क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों की प्रत्येक माह स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के लिए सिविल सर्जन बोकारो को निर्देशित किया। साथ ही, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी (फूड इंस्पेक्टर) को सभी आवासीय एवं प्रशिक्षण केंद्रों में खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच रोस्टर तैयार कर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं सुरक्षित आवासीय वातावरण अत्यंत आवश्यक हैं। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून को सभी खेल संघों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए जून से दिसंबर माह तक का विस्तृत स्पोर्ट्स कैलेंडर तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कैलेंडर में गेम अवेयरनेस कार्यक्रम, प्रतिभा खोज अभियान, प्रशिक्षण शिविर, राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न खेल गतिविधियों को शामिल किया जाए, ताकि जिले के खिलाड़ियों को अधिक अवसर उपलब्ध हो सके।
बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी पंचायत स्तरीय ज्ञान केंद्रों पर देश की प्रमुख खेल प्रतियोगिताओं के लाइव प्रसारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा उनमें खेल के प्रति रुचि विकसित करने के लिए यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने खेलों के व्यापक प्रचार-प्रसार, आवश्यक खेल संसाधन के विकास तथा सभी खेल संघों को एक मंच पर जोड़कर समन्वित रूप से कार्य करने पर बल दिया। कहा कि खेल संघों, प्रशिक्षण केंद्रों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से बोकारो जिले में खेल संस्कृति को मजबूत किया जा सकेगा तथा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा सकेगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन, जिला शिक्षा अधीक्षक जगरनाथ लोहरा, जिला शिक्षा पदाधिकारी अतुल कुमार चौबे, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुषिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित जिला खेल संचालन समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply