Advertisement

टीबी उन्मूलन को ले जिला प्रशासन सख्त, डीसी ने दिए अभियान तेज करने का निर्देश

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिले में टीबी नियंत्रण को लेकर प्रशासन ने अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसे लेकर 30 मार्च को एएस एंड एमडी (भारत सरकार) अराधना पटनायक की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने गोपनीय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक में सिविल सर्जन डॉ ए बी प्रसाद, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार समेत अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही। डीसी ने अधिकारीयों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

समीक्षा क्रम में डीसी ने कहा कि जिले में चल रहे आयुष्मान आरोग्य शिविरों के तहत जिला के हद में बेरमो प्रखंड सहित सभी चिन्हित जोखिम वाले क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर टीबी जांच अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक रहिवासियों की स्क्रीनिंग कर संभावित मरीजों की समय पर पहचान सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर टीबी मरीजों के पोषण स्तर में सुधार के लिए निक्षय मित्र अभियान को और मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया। डीसी ने बताया कि सभी विभागों को विशेष पत्र जारी किया जाएगा, जिससे अधिकारी, कर्मचारी और समाज के प्रबुद्ध जन इस अभियान से जुड़कर चिन्हित मरीजों को पोषाहार किट उपलब्ध करा सके।

समीक्षा बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि ई-पोषण अभियान को सौ दिवसीय अभियान के साथ जोड़कर समन्वित रूप से संचालित किया जाए, ताकि टीबी मरीजों को उपचार के साथ-साथ पोषण सहायता भी निरंतर मिलती रहे। कहा गया कि इन प्रयासों से बोकारो जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को नई दिशा और गति मिलेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *