Advertisement

वैशाली में खाद कालाबाजारी रोकने के लिए जिला प्रशासन की कार्यवाही

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। जिला पदाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह के निर्देशानुसार जिले में किसानों को उर्वरकों की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की निगरानी के उद्देश्य से थोक एवं खुदरा उर्वरक प्रतिष्ठानों के गोदामों में भंडारित उर्वरकों की मात्रा का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार वैशाली जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं उर्वरक निरीक्षक सह कृषि समन्यवक द्वारा विभिन्न थोक उर्वरक प्रतिष्ठानों के गोदामों का निरीक्षण दैनिक रूप से किया जा रहा है तथा स्टॉक पंजी से मिलान करते हुए उर्वरकों की उपलब्ध मात्रा का भौतिक सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में विभिन्न प्रकार के उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण पाया गया।

जिला जनसंपर्क विभाग के अनुसार उपलब्ध स्टॉक के अनुसार वैशाली जिले में यूरिया लगभग 13,558 मीट्रिक टन, डीएपी 7,413 मीट्रिक टन, एमओपी 3,454 मीट्रिक टन, एनपीकेएस 13,320 मीट्रिक टन सहित अन्य उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध पाया गया। कुल मिलाकर जिले में हजारों मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है, जिससे किसानों को उर्वरक की कमी नहीं होगी। बताया गया है कि विगत माह एवं 7 अप्रैल तक कुल 271 उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। औचक निरीक्षण के क्रम में 24 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर अनियमितता पाई गई। जिसमें 8 की उर्वरक प्राधिकार पत्र को रद्द, 5 का निलंबन एवं शेष से स्पष्टीकरण पृच्छा की गई।

जिला पदाधिकारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिले में उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखें तथा समय-समय पर गोदामों का निरीक्षण करते रहें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि कृषि कार्य के लिए उर्वरकों की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए वैशाली जिला प्रशासन किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध है। कहा कि किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *