प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला परिसर स्थित मीडिया सेंटर में 16 नवंबर को बढ़ती भ्रामक सूचनाओं के बीच प्रेस की विश्वसनीयता की सुरक्षा विषयक परिचर्चा का आयोजन किया गया। भारतीय प्रेस परिषद द्वारा इस वर्ष परिचर्चा के निर्धारित विषय पर मीडिया के प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किये।
इस अवसर पर जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी सारण रविन्द्र कुमार ने सभी उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज के द्रुत टेक्नोलॉजी के युग में संवाद या समाचार प्रेषण की जल्दबाजी में कई सूचनाओं व समाचारों के सभी पहलुओं के सत्यापन के बिना समाचार प्रेषण से आमजनों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जो सामाजिक हित में नहीं होता है।

उन्होंने कहा कि आज विशेष रूप से सोशल मीडिया के माध्यम से सूचनाओं के बाढ़ जैसी स्थिति है। इसमें से सही एवं तथ्य परक सूचना की पुष्टि मीडिया के लिये एक चुनौती है। इसमें संयम एवं धैर्य के साथ प्राप्त सूचना की जांच एवं पुष्टि के उपरांत ही इसका प्रेषण किया जाना अनिवार्य है।
परिचर्चा में कई वरिष्ठ स्थानीय पत्रकारों ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किये।
इस अवसर पर विभिन्न मीडिया हाउस से संबद्ध पत्रकार विश्वनाथ सिंह, अवध किशोर शर्मा, नंद किशोर शर्मा, शंकर सिंह, अभय कुमार सिंह, सुबोध प्रसाद सिंह, बिपिन कुमार सिंह, संजीत कुमार, गौतम कुमार, अजय सिंह, संजीव सिंह, मनीष कुमार, विशाल कुमार, दामोदर प्रसाद सहित अन्य मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे। ज्ञात हो कि, परिचर्चा के लिए यह मीडिया सेंटर उपयुक्त जगह नहीं था, क्योंकि मेला का भारी शोरगुल यहां सुनाई पर रहा था।
![]()













Leave a Reply