जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रधान सचिव ने दिया ईच वन-टीच टेन का मंत्र
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। देश के इतिहास में पहली बार आयोजित हो रही पूर्णतः डिजिटल जनगणना के अंतर्गत स्वगणना (सेल्फ- ऐनुमैरेशन) का महाअभियान 17 अप्रैल की आधी रात से प्रारंभ होने जा रहा है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सह राज्य जनगणना समन्वयक सी.के. अनिल ने सारण जिला मुख्यालय छपरा समाहरणालय में 16 अप्रैल को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मूल मंत्र कोई व्यक्ति छूटे नहीं है।
प्रधान सचिव ने प्रबुद्ध जनों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय कर्तव्य है। अगले दशक की तमाम राष्ट्रीय और स्थानीय योजनाएं इसी डेटा पर आधारित होंगी। उन्होंने जनगणना पर चर्चा, सब भरें अपना पर्चा के टैगलाइन के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने 33 प्रश्न और बेहद सरल प्रक्रिया डिजिटल जनगणना की बारीकियों को समझाते हुए बताया कि आम नागरिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं। इसकी प्रक्रिया अत्यंत सरल है। उन्होंने बताया कि मोबाइल नंबर के जरिए वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) प्राप्त कर लॉगिन करें। अपनी भाषा चुनें और डिजिटल मानचित्र पर अपने घर को चिन्हित करें। कहा कि पुछे गए 33 बहुविकल्पीय (मल्टीपल चॉइस) प्रश्नों के उत्तर दें।सबमिट करते ही मोबाइल/ईमेल पर एक रेफरेंस आईडी प्राप्त होगी। जब प्रगणक (ऐनुमैरेटर) आपके घर आएंगे, तो आपको केवल यह आईडी दिखानी होगी और आपका डेटा सत्यापित हो जाएगा। कहा कि बिहार में स्वगणना के लिए आगामी एक मई तक का समय निर्धारित है।

जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रधान सचिव ने अधिकारियों और समाज के प्रभावशाली रहिवासियों से ईच वन-टीच टेन (प्रत्येक व्यक्ति दस को सिखाए) की पद्धति अपनाने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिया कि सरकारी सेवक इस अभियान के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में कार्य करें और आगामी 2 मई से शुरू होने वाली वास्तविक मकान गणना से पूर्व स्वगणना के लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करें।
प्रशासनिक मुस्तैदी और गरिमामयी उपस्थिति
बैठक की शुरुआत में सारण के जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जिले की फूलप्रूफ तैयारियों की जानकारी दी। इस अवसर पर बैठक में मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता, उप-मेयर रागिनी देवी, डाॅ लालबाबु यादव, डाॅ हरेन्द्र सिंह, अरशद परवेज मुन्नी, सुल्तान हुसैन इदरीसी, काजिम रजा रिजवी, सत्यप्रकाश यादव, ब्रजेश कुमार, जिलानी मोबीन, डीडीसी लक्ष्मण तिवारी, एडीएम मुकेश कुमार, नगर आयुक्त रंजीत कुमार समेत जिला स्तरीय सभी पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply