Advertisement

उपायुक्त ने की बोकारो हवाई अड्डा उड़ान सेवा क्रियान्वयन कार्य प्रगति की समीक्षा

परिसर में झाड़ी कटाव व् सफाई के लिए 15 दिसंबर तक कार्य पूरा करने का निर्देश

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो हवाई अड्डा परिसर में जिला उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 17 नवंबर को बोकारो हवाई अड्डा से उड़ान सेवा प्रारंभ करने हेतु क्रियान्वयन के लिए कार्य प्रगति की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने कहा कि बोकारो हवाई अड्डा क्रियान्वयन हेतु अधितकम आवश्यक कार्य पूरा कर लिया गया हैं। मात्र 15 प्रतिशत कार्य शेष बचे हैं, जिन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने हवाई अड्डा परिसर के अंदर झाड़ी कटाव व् साफ सफाई के लिए आगामी 15 दिसंबर तक कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त झा ने कहा कि अग्निशमन संचालन हेतु सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रखें। नियमित निरीक्षण एवं टेस्टिंग करना सुनिश्चित करें। शेष बचे चारदीवारी के कार्य को भी ससमय पूरा करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद को निर्देशित करते हुए कहा कि चार बेड वाले एम्बुलेंस खरीद का कार्य विधिवत प्रक्रिया पूरा करते हुए अगले 15 दिनों में इसे हर हाल में पूरा करें। साथ ही उन्होंने हवाई अड्डा के समीप स्थज एलोरा हॉस्टल में अवैध कब्जे के हिस्से को खाली करने के निमित्त अनुमंडल पदाधिकारी चास, बीएसएल प्रबंधन एवं पुलिस पदाधिकारी को आवश्यक प्रक्रिया पूरा करते हुए नियम अनुकूल खाली कराने हेतु निर्देशित किया।

मौके पर उप महाप्रबंधक एयरपोर्ट अथॉरिटी रांची मनोज सिंह, निदेशक बिरसा मुंडा हवाई अड्डा रांची विनोद कुमार, प्रशिक्षु वन प्रमंडल पदाधिकारी संदीप शिंदे, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, आईबी के प्रतिनिधि, बीएसएल के अधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, पुलिस उपाधीक्षक नगर आलोक रंजन सहित अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *