गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय हाजीपुर के सोनपुर रेल मंडल के हाजीपुर स्टेशन के पश्चिम स्थित हाजीपुर-मुजफ्फरपुर-सुगौली रेल लाइन निर्माण योजना के कार्यालय पर पटना की सीबीआई टीम ने रेलवे कंस्ट्रक्शन विभाग कार्यालय में छापामारी की।
उक्त छापामारी बीते 17 नवंबर की शाम से दूसरे दिन 18 नवंबर की सुबह तक चली। बताया जाता है कि इस दौरान टीम ने डिप्टी चीफ इंजीनियर आलोक कुमार, हेड क्लर्क आलोक कुमार दास, पिउन मनीक दास और दो संवेदक के कर्मियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए अपने साथ पटना ले गई।
सूत्रों के मुताबिक रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे कंस्ट्रक्शन विभाग के कार्यालय से सुगौली रेल लाइन का काम होता है। दबी जुबान कार्यालय में मौजूद कर्मियों ने बताया कि इसका कार्यालय महेंद्रु घाट पटना है। वही चीफ इंजीनियर बैठते हैं। यहां के कार्यालय में दो डिप्टी चीफ इंजीनियर बैठते हैं। फिलहाल यहां सुगौली रेल लाइन का जो काम चल रहा है, उसी का काम इस कार्यालय से संचालित किया जाता है।

छापेमारी के दौरान सीबीआई ने कार्यालय से करीब एक करोड़ रुपये नकद भी बरामद किए। बड़ी मात्रा में नकदी मिलने पर टीम ने मौके पर करेंसी काउंटिंग मशीन मंगवाकर पैसे गिनवाए। सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई की टीम बीते 17 नवंबर को शाम लगभग 3 बजे कई वाहनों से अचानक कार्यालय पहुंची। टीम ने पहुंचते ही डिप्टी चीफ इंजीनियर और अन्य कर्मियों से लगातार घंटों पूछताछ की।
कार्यालय के सभी कमरों और अलमारियों की बारीकी से तलाशी ली गई। कार्रवाई के दौरान कार्यालय के अन्य कर्मचारियों के मोबाइल फोन और बैग टीम ने अपने कब्जे में लेकर जांच की। तलाशी के दौरान सभी कर्मचारियों को बाहर भेज दिया गया था। कार्रवाई पूरी होने के बाद अर्ध रात्रि लगभग 12 बजे कर्मचारियों को घर जाने की अनुमति दी गई।
कर्मचारियों के अनुसार डिप्टी चीफ इंजीनियर लगभग दो वर्ष पुर्व इस कार्यालय में तैनात हुए थे, जबकि हेड क्लर्क आलोक कुमार दास और पिउन मनीक दास पिछले छह महीने से यहां कार्यरत थे। सीबीआई टीम ने पूरी रात पूछताछ और तलाशी जारी रखी और अंत में डिप्टी चीफ इंजीनियर सहित कुल पांच संदिग्धो को हिरासत में ले गई।
![]()













Leave a Reply