Advertisement

कंट्रोल रूम से डीसी ने उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा संचालन का लिया जायजा

डीसी स्वयं परीक्षा संचालन एवं व्यवस्था की करते रहे निगरानी

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) अंतर्गत आयोजित झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के सफल एवं सुचारु संचालन को लेकर बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 12 मार्च की सुबह समेकित कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी के माध्यम से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा के नोडल पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी से परीक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।

जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार डीसी ने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उठाए गए कदम की समीक्षा की। उन्होंने आयोग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क एवं जिम्मेदारीपूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

ज्ञात हो कि समेकित कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बोकारो जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल आयोजन हेतु समुचित व्यवस्था की गई है एवं अभ्यर्थियों से भी शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से परीक्षा में भाग लेने की अपील की गई है।

जानकारी के अनुसार 12 अप्रैल को आयोजित झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) अंतर्गत झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा 2023 का आयोजन जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित माहौल में सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। परीक्षा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पाली में आयोजित की गई। बोकारो जिले में बनाएं 27 परीक्षा केंद्रों में कुल 12,840 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। जिसमें 10,126 परीक्षार्थी प्रथम एवं द्वितीय पालियों में शामिल हुए, जबकि 2,714 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं तृतीय पाली की परीक्षा में कुल 12,840 परीक्षार्थियों में से 10,117 परीक्षार्थी शामिल हुए। जबकि, 2723 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई थीं, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बताया जाता है कि दिन भर डीसी अजय नाथ झा स्वयं परीक्षा संचालन एवं व्यवस्था की निगरानी करते रहे तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बोकारो जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचार मुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *