एस. पी. सक्सेना/बोकारो। जिला समाहरणालय सभागार में बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) की अध्यक्षता में 14 मार्च को जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध उत्खनन तथा खनन क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण पर प्रभावी ढंग से रोक लगाने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान डीसी अजय नाथ झा ने सभी अंचल अधिकारियों एवं संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अवैध खनन एवं परिवहन से संबंधित मीडिया द्वारा प्रेषित सूचना/समाचार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही आम जनता से प्राप्त शिकायतों पर भी तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने सीसीएल के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीसीएल के अधिकृत क्षेत्रों में अवैध खनन पर सीआइएसएफ द्वारा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सीसीएल प्रबंधन को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अपने स्तर से सुनिश्चित करें कि उनके अधिकृत क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध खनन एवं परिवहन नहीं हो।

बैठक में सीसीएल प्रबंधन को निर्देश दिया गया कि लीज क्षेत्र एवं बंद खदानों की समुचित बैरिकेडिंग कराई जाए तथा आवश्यकतानुसार सीआइएसएफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। कहा गया कि वन क्षेत्र से किसी भी प्रकार का अवैध खनन एवं परिवहन न हो, इसके लिए वन विभाग के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सभी परियोजनाओं को निर्देश दिया गया कि प्रदूषण से बचाव के लिए वाटर स्प्रिंकलर लगाए जाएं तथा नियमित रूप से जल का छिड़काव कराया जाए, ताकि आसपास के क्षेत्रों में धूल एवं प्रदूषण को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके। जानकारी के अनुसार उक्त बैठक में एसपी हरविंदर सिंह, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मुकेश मछुवा, जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार सिंह, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, खान निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply