हम आपको सुनते हैं जनता दरबार में 39 से अधिक मामलों पर कार्रवाई के निर्देश
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला प्रशासन द्वारा आयोजित हम आपको सुनते हैं (जनता दरबार) कार्यक्रम एक बार फिर आम जनों के लिए उम्मीद का मंच बनकर उभरा है। इस दौरान दिव्यांग जीतन की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल को आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में बोकारो जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में रहिवासी अपनी समस्या लेकर पहुंचे। कुल 39 से अधिक मामलों पर मौके पर ही संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों का तत्काल निष्पादन किया गया, जबकि अन्य मामलों को समयबद्ध तरीके से निपटाने का आदेश दिया गया।
ज्ञात हो कि आयोजित जनता दरबार की खास बात यह रही कि उपायुक्त अजय नाथ झा ने पारंपरिक व्यवस्था से हटकर आम जनों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनीं। उपस्थित जनों ने उपायुक्त की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह पहला अवसर है जब कोई डीसी चेंबर में बैठने के बजाय आमजनों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं।
इस अवसर पर डीसी झा ने कहा कि जिला प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि हर नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि हम आपको सुनते हैं जनता दरबार इसी सोच का परिणाम है, जहां हम सीधे आम जनों से जुड़कर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझने का प्रयास करते हैं।

विशेष रूप से दिव्यांगजनों, बुजुर्गों, महिलाओं और कमजोर वर्गों की समस्याएं हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं। कहा कि दिव्यांग जीतन का मामला भी हमारे संज्ञान में आया है, और हमने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि उनकी समस्या का त्वरित एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। डीसी के अनुसार हम चाहते हैं कि प्रशासन केवल दफ्तरों तक सीमित न रहे, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को महसूस करे। इसी उद्देश्य से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है, जहां हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का समान अवसर मिलता है।
उन्होंने बताया कि सभी विभागों को यह निर्देश दिया गया है कि प्राप्त शिकायतों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और अनावश्यक विलंब बिल्कुल भी न हो। साथ ही, हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही और पात्र लाभुको तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे। कहा कि आम जनता का विश्वास ही प्रशासन की सबसे बड़ी ताकत है। हम इस विश्वास को बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं।
आने वाले समय में भी इस तरह के कार्यक्रमों को और सशक्त बनाया जाएगा, ताकि हर जरूरतमंद तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित हो सके। कहा कि हम आपको सुनते हैं कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच भरोसे का मजबूत सेतु बनता जा रहा है। दिव्यांग जीतन जैसे मामलों में त्वरित पहल प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाती है और यह पहल आम रहिवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।
![]()













Leave a Reply