रक्तदान बहुत जरूरी, आमजन आगे बढ़कर करें रक्तदान-डीसी
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 12 नवंबर को जिला मुख्यालय के समीप सदर अस्पताल बोकारो स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उद्घाटन जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, सिविल सर्जन डॉ ए बी प्रसाद आदि ने संयुक्त रूप से फिता काट कर किया।
रक्तदान शिविर के उद्घाटन के पश्चात उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने कहा कि रक्तदान बहुत जरूरी है। उन्होंने समाज के हर वर्ग के आमजनों से आगे बढ़कर रक्तदान करने की अपील की। कहा कि रक्त दान करने से शरीर में कोई कमजोरी नहीं होती है। रक्त देने से शरीर स्वस्थ्य होता है। नया रक्त बनता है। शिविर में सर्वप्रथम सिविल सर्जन डॉ ए बी प्रसाद, नोडल पदाधिकारी मनरेगा पंकज दूबे, डीपीआरओ कर्मी आशुतोष कुमार ने रक्तदान किया। जिसकी उपायुक्त ने सराहना की। कहा कि दूसरों को रक्तदान करने के लिए अपील करने से पूर्व स्वयं से इसकी शुरूआत करनी चाहिए।
रक्तदान शिविर के पहले दिन प्रशासनिक पदाधिकारियों, कर्मियों ने रक्तदान किया। डीसी ने इस अवसर पर सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और युवाओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति साल में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करें। यह किसी की जान बचाने का सबसे सरल और श्रेष्ठ तरीका है। रक्तदान मानवता की सेवा है और समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

मौके पर डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा दान है जो किसी की जान बचाने का माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी का जीवन बचता है, यह सबसे बड़ा पुण्य है। सभी नागरिक आगे आएं और इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। मौके पर सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद ने बताया कि 12 से 28 नवंबर तक जिले भर में विशेष रक्तदान अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत सभी सरकारी अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बोकारो जिले में रक्त की कमी को दूर करना और गंभीर रोगियों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है।
सदर अस्पताल के ईमरजेंसी वार्ड का डीसी-डीडीसी ने किया निरीक्षण
रक्तदान शिविर के उपरांत डीसी झा तथा डीडीसी मजूमदार ने सदर अस्पताल के ईमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों की स्थिति, चिकित्सीय सुविधाओं और स्वच्छता की समीक्षा की। डीसी ने सिविल सर्जन (सीएस) से विस्तृत जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।मौके पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ एन पी सिंह, डॉ सेलिना टुडू, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य चिकित्सा पदाधिकारी, कर्मी आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply