मंत्रियों ने नमन कर याद किया शौर्य व् लिया संकल्प
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित डाक बंगला मैदान में 5 अप्रैल को वीर शिरोमणि बाबा चौहरमल की 731वीं जयंती पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस भव्य समारोह में भारी संख्या में स्थानीय रहिवासी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शिरकत की।
जयंती समारोह कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री संजय सिंह, गन्ना मंत्री संजय पासवान, लालगंज विधायक संजय सिंह एवं पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार ऊर्फ मंटू पटेल ने संयुक्त रूप से बाबा चौहरमल के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। आयोजन समिति की ओर से सभी गणमान्य अतिथियों को अंग-वस्त्र एवं तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान बाबा चौहरमल के सामाजिक योगदान और उनके अदम्य साहस पर प्रकाश डालते हुए मंत्री संजय सिंह ने कहा कि बाबा चौहरमल पासवान समाज के एक महान नायक और वीर पुरुष थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, वीरता और समर्पण के लिए जिया। समाज को संगठित और जागरूक करने में उनकी भूमिका अतुलनीय है। गन्ना मंत्री संजय पासवान ने बाबा के आदर्शों को याद करते हुए जनता से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने समाज में समरसता और एकता को बढ़ावा देने का संकल्प भी दिलाया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम की अध्यक्षता रणविजय कुमार ने की, जबकि मंच संचालन लोजपा (आर) के प्रवक्ता साजेश पासवान द्वारा किया गया। सभा को संबोधित करने वाले अन्य प्रमुख नेताओं में लोजपा-आर के अवधेश सिंह,प्रकाश पासवान, शिव प्रसाद माझी,संतोष कुमार शर्मा आदि शामिल थे। मौके पर वक्ताओं ने एक सुर में बाबा चौहरमल के क्रांतिकारी विचारों को वर्तमान पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बताया और उनके पदचिह्नों पर चलकर समाज सेवा का संकल्प लिया।
![]()













Leave a Reply