मतगणना की तैयारी को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने की बैठक
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन के पश्चात आगामी 14 नवंबर को मतगणना होगी। यह मतगणना कार्य राज्य के सभी मतगणना केंद्रों पर प्रातः 8 बजे से प्रारम्भ होगी।
सारण जिला के सभी 10 विधानसभा क्षेत्र में बीते 6 नवंबर को संपन्न मतदान के पश्चात मतों की गणना बाजार समिति छपरा में आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत कराई जायेगी। मतगणना की प्रक्रिया को सुगम एवं व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 10 नवंबर को सारण के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अमन समीर ने बैठक की। समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी शामिल रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी समीर ने मतगणना की सम्पूर्ण प्रक्रिया को लेकर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों के बारे में एक एक कर सूक्ष्मता से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) सम्पूर्ण प्रक्रिया में आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। बताया गया कि प्रत्येक विधानसभा के लिए एक मतगणना कक्ष बनाया जा रहा है।
प्रत्येक मतगणना कक्ष में मतों की गणना के लिए 14 – 14 टेबल लगाये जायेंगे। प्रत्येक मतगणना टेबल पर तीन मतगणना कर्मी प्रतिनियुक्त रहेंगे। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक मतगणना सहायक एवं एक मतगणना ऑब्ज़र्वर द्वारा काउंटिंग की प्रक्रिया को निष्पादित किया जायेगा। पोस्टल बैलट के माध्यम से प्राप्त मतों की गणना के लिए प्रत्येक विधानसभावार अलग अलग टेबल रहेंगे। प्रत्येक टेबल पर 4 मतगणना कर्मी प्रतिनियुक्त रहेंगे, जिसमें एक मतगणना पर्यवेक्षक, दो मतगणना सहायक एवं एक मतगणना ऑब्ज़र्वर द्वारा पोस्टल बैलट मतों की गणना की जायेगी। पोस्टल बैलट की गणना के लिये बनाये गये प्रत्येक टेबल पर एक सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (एआरओ) भी प्रतिनियुक्त रहेंगे। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी आरओ एवं मतगणना कार्य में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों को आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधान एवं मानक के अनुरूप मतगणना की सम्पूर्ण प्रक्रिया के संचालन का निर्देश दिया।
डीएम ने किया सभी दस वज्रगृहों का निरीक्षण
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी (डीएम) अमन समीर ने बिहार विधान सभा आम चुनाव के अवसर पर बाजार समिति परिसर छपरा स्थित सभी दस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए स्थापित सभी दस वज्रगृहों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा उन्होंने संपूर्ण परिसर के सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही परिसर में स्थित वज्रगृहों तथा मतगणना केंद्रों के पूर्ण सुरक्षा के दृष्टिकोण से उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा वहां प्रतिनियुक्त केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों को आवश्यक निर्देश दिए।
![]()













Leave a Reply